Patriot Teaser Out: 72 की उम्र में ममूटी का धमाका, पैट्रियट के टीजर ने मोहनलाल-नयनतारा संग मचाया तूफान
Patriot Teaser Out: मलयालम सिनेमा के दिग्गज एक्टर ममूटी ने अपने स्वास्थ्य ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर ली है. उनकी मोस्ट अवेटेड मल्टीस्टारर फिल्म पैट्रियट का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया. मोहनलाल, नयनतारा और फहद फासिल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने एक्शन और इमोशनल ड्रामा का वादा किया है.
Patriot Teaser Out: 72 साल के ममूटी ने इस साल की शुरुआत में स्वास्थ्य कारणों से फिल्मों से दूरी बना ली थी. मार्च में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी टीम ने कैंसर की अफवाहों को खारिज कर दिया था. अगस्त में ममूटी ने अपने बेहतर स्वास्थ्य की जानकारी साझा की और अब पैट्रियट के साथ उन्होंने जोरदार वापसी की है.
एक मिनट 21 सेकंड लंबे टीजर की शुरुआत गहन पलों और दमदार एक्शन सीक्वेंसेज से होती है. इसमें ममूटी और मोहनलाल की करिश्माई मौजूदगी तुरंत ध्यान खींच लेती है. नयनतारा और फहद फासिल की झलक भी दर्शकों को बेहद पसंद आई है. फिल्म का पैमाना बड़ा और एंगेजिंग दिख रहा है, जिसे देखकर फैंस ने सोशल मीडिया पर इसे 'थ्रिलिंग और पावर-पैक्ड' करार दिया.
फिल्म की स्टारकास्ट
पैट्रियट का डायरेक्शन महेश नारायणन कर रहे हैं, जो टेक ऑफ और सी यू सून जैसी चर्चित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. फिल्म में ममूटी, मोहनलाल, नयनतारा और फहद फासिल के अलावा कुंचाको बोबन और दर्शना राजेंद्रन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. टीम अब तक यूएई, श्रीलंका और भारत में शूटिंग कर चुकी है, जबकि बाकी सीक्वेंस केरल और यूके में फिल्माए जाएंगे. मोहनलाल ने पहले ही अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है, वहीं ममूटी ब्रेक से पहले करीब 45 दिनों तक फिल्मांकन कर चुके थे.
ममूटी और मोहनलाल की जोड़ी
फिल्म के अगले शेड्यूल में ममूटी और मोहनलाल के महत्वपूर्ण सीन फिल्माए जाएंगे. यही वजह है कि फैंस इस फिल्म को लेकर और ज्यादा एक्साइटेड हैं. इसके अलावा, फहद फासिल और कुंचाको बोबन भी नए शेड्यूल का हिस्सा होंगे. अभिनेता रमेश पिशारोडी ने पुष्टि की है कि हैदराबाद और यूके में होने वाले शूट में ममूटी सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे.
टीजर रिलीज के बाद से ही पैट्रियट मलयालम सिनेमा के सबसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में शामिल हो गई है. मल्टीस्टारर कास्ट, इंटरनेशनल लोकेशन और एक्शन से भरपूर स्टोरीलाइन ने दर्शकों की उम्मीदों को कई गुना बढ़ा दिया है.
और पढ़ें
- ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन ने यूट्यूब पर ठोका मुकदमा, AI डीपफेक वीडियो पर मांगे 4 करोड़ रुपये!
- शादीशुदा से किया था प्यार, लेकिन नहीं बनी दुल्हन…83 की उम्र में भी क्यों कुंवारी हैं 60's की यह सबसे महंगी हीरोइन?
- Balochistan Conflict Pakistan: 'बलूचिस्तान का बड़ा हिस्सा हमारे हाथ से निकला', पाक सांसद का संसद में चौंकाने वाला कबूलनामा, सेना भी असहाय