नई दिल्ली: अमेरिकन सिंगर और सॉन्गराइटर ओलिवर ट्री का दुखद निधन हो गया है. वे सिर्फ 32 साल के थे. रियो डी जनेरियो (ब्राजील) में रविवार सुबह दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए, जिसमें वे भी सवार थे. इस हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, एक हेलीकॉप्टर में 5 लोग सवार थे, जिसमें ओलिवर ट्री, लुकास विग्नाले, गासपर प्रिम, लुकास ब्रिटो चावेस और पायलट अलेक्जेंडर सौजा थे. दूसरा हेलीकॉप्टर सिर्फ एक पायलट चार्ल्स मार्सिलैक चला रहा था. दोनों हेलीकॉप्टर रेसियो दोस बांदेरांतिस इलाके के ऊपर टकराए. ओलिवर ट्री का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो इस हादसे से कुछ समय पहले का है.
एक हेलीकॉप्टर कार डीलरशिप की पार्किंग में गिरा, जहां कई इलेक्ट्रिक कारें खड़ी थीं. वहां आग लग गई, जिसे बाद में बुझाया गया. चश्मदीदों ने बताया कि एक हेलीकॉप्टर में आग लगी हुई थी और एक यात्री हेलीकॉप्टर से कूदने की कोशिश करते दिखा. उन्होंने इसे 'बहुत भयानक' बताया. ओलिवर ट्री साउथ अमेरिका के अपने वर्ल्ड टूर पर थे. 4 जून को अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स और 6 जून को साओ पाउलो में उन्होंने परफॉर्म किया था. हादसे से एक दिन पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर ब्राजील में फुटबॉल खेलते और दोस्तों के साथ मस्ती करते वीडियो शेयर किया था, जो अब वायरल हो रहा है.
URGENTE: dois helicópteros se chocaram no ar e caíram no pátio de uma concessionária no Recreio dos Bandeirantes (RJ), agora à pouco. Pelo menos 6 mortes confirmadas e muitos carros incendiados. pic.twitter.com/tN9pBJXv5g
— Jornalista Neimar Fernandes (@NeimarFernande) June 14, 2026
ओलिवर ट्री को उनका अनोखा बाल कट (बाउल हेयरकट) और मजेदार स्टाइल के लिए बहुत पसंद किया जाता था. उनके गाने ‘Life Goes On’, ‘Miss You’ और ‘When I’m Down’ ने उन्हें दुनिया भर में प्रसिद्धि दिलाई. कैलिफोर्निया के रहने वाले ओलिवर ने अपने गानों से अरबों स्ट्रीम्स हासिल किए थे और लाखों फैंस बनाए थे. अभी इस हादसे की वजह की जांच चल रही है. इस दुखद घटना से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर है.