menu-icon
India Daily

Women In Film Industry: फिल्म इंडस्ट्री में इस तरह किया जा रहा है महिलाओं को ट्रीट, एक्ट्रेस ने भेदभाव पर उठाई आवाज

Women In Film Industry: बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने मनोरंजन इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए लैंगिक भेदभाव और असम्मान की कड़ी निंदा की है. हाल ही में एक वायरल रेडिट पोस्ट में दावा किया गया था कि मानुषी 'शुगर डैडी सर्किल' में पॉपुलर हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
Women In Film Industry: फिल्म इंडस्ट्री में इस तरह किया जा रहा है महिलाओं को ट्रीट, एक्ट्रेस ने भेदभाव पर उठाई आवाज
Courtesy: Social Media

Women In Film Industry: मिस वर्ल्ड 2017 और बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने मनोरंजन इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए लैंगिक भेदभाव और असम्मान की कड़ी निंदा की है. हाल ही में एक वायरल रेडिट पोस्ट में दावा किया गया था कि मानुषी 'शुगर डैडी सर्किल' में पॉपुलर हैं. इस पर जवाब देते हुए उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने ऐसी मानसिकता की आलोचना की जो महिलाओं की सफलता को पुरुषों के समर्थन से जोड़ती है.

मानुषी ने लिखा, 'महिलाओं की सफलता को पुरुषों के संरक्षण से जोड़ना आसान है. मैं ऐसी टिप्पणियों को अनदेखा करती हूं, लेकिन मनोरंजन इंडस्ट्री में कामकाजी महिलाओं के साथ असम्मान और अवमानना की बातें आम हैं.' उन्होंने बताया कि वह एक ऐसे माहौल में पली-बढ़ीं, जहां लिंग से ज्यादा योग्यता मायने रखती थी. उन्होंने कहा, 'मैंने देखा है कि पुरुषों की सफलता को प्रतिभा और मेहनत से जोड़ा जाता है, लेकिन महिलाओं को अवसरवादी या चालाक कहा जाता है.'

महिलाओं के प्रति असम्मान पर सवाल

मानुषी ने जोर देकर कहा, 'मैंने दुनिया जीती और अपने सपनों को साकार किया. यह मेरा आत्मविश्वास और मेहनत है, न कि अहंकार. मैं आर्थिक रूप से स्वतंत्र और स्व-निर्मित हूं, और मुझे इस पर गर्व है.' उन्होंने अपने जीवन को अपनी शर्तों पर जीने की बात कही और बताया कि वह उन लोगों की संगति पसंद करती हैं जो उन्हें प्रेरित करते हैं. उन्होंने लिखा, 'मैं हर सुबह यह जानकर उठती हूं कि मुझे किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं.' 

Manushi Chhillar
Manushi Chhillar Instagram

मानुषी ने युवा लड़कियों को संदेश दिया, 'स्वतंत्र होना खुशी की बात है. कुछ लोग आपके चरित्र पर सवाल उठाएंगे, लेकिन इसे नजरअंदाज करें. आपका जीवन इसके लायक है.' उन्होंने अपनी पोस्ट को सकारात्मक नोट पर खत्म करते हुए कहा कि वह अपनी खुशहाल जिंदगी में वापस लौट रही हैं.

मानुषी छिल्लर का वर्कफ्रंट

काम की बात करें तो मानुषी को हाल ही में बड़े मियां छोटे मियां में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ देखा गया था. 2022 में सम्राट पृथ्वीराज से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली मानुषी अब मालिक और तेहरान जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं. इसके अलावा, वह हैदराबाद में मिस वर्ल्ड 2025 के ग्रैंड फिनाले में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी.