मुंबई: सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म 'करुप्पु' की रिलीज में आखिरी समय पर देरी हो गई है, जिसके बाद फिल्म के डायरेक्टर आरजे बालाजी काफी भावुक हो गए. गुरुवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी आंखें नम थीं और उन्होंने फैंस से खुलकर माफी मांगी.
आरजे बालाजी ने वीडियो में कहा- 'मैं उम्मीद करता हूं कि यह मेरा आखिरी अपडेट हो.' इसके बाद उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए बताया- 'मैं सभी फैंस से बहुत सॉरी हूं. ऐसा नहीं होना चाहिए था. आप लोग दूर-दूर से फिल्म देखने आए थे. हम फिल्म इसलिए देखते हैं कि अपनी टेंशन और परेशानियों को भूल जाएं, लेकिन आप लोगों को फिल्म देखने के लिए स्ट्रेस झेलना पड़ा. इसके लिए मैं बहुत सॉरी हूं.'
बालाजी ने आगे कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि रिलीज से पहले ऐसा मुद्दा खड़ा हो जाएगा. उन्होंने बताया कि फिल्म 14 मई को वर्ल्डवाइड रिलीज होनी थी, लेकिन प्रोडक्शन साइड पर आर्थिक सैटलमेंट से जुड़ी कुछ आखिरी दिक्कतों के चलते सुबह और दोपहर के शो रद्द कर दिए गए. इससे थिएटर पहुंचे दर्शक निराश हो गए और सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली.
वीडियो में भावुक होते हुए बालाजी ने कहा- 'मैं 'करुप्पु' को 14 मई को रिलीज करके ब्लॉकबस्टर बनाना चाहता था. मैं इसे मेनिफेस्ट कर रहा था. मुझे पूरी उम्मीद है कि शाम के शो में फिल्म रिलीज हो जाएगी.' बात करते हुए वे बार-बार आंसू पोछते नजर आए. 'करुप्पु' एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें सूर्या लीड रोल में हैं. तृषा कृष्णन के साथ यह फिल्म फैंस को काफी समय से इंतजार में थी.
फिल्म की कहानी और ट्रेलर को पहले ही अच्छा रेस्पॉन्स मिला था. लेकिन रिलीज के दिन अचानक आई इस समस्या ने सबको हैरान कर दिया. फैंस अब बालाजी के आश्वासन के साथ शाम के शो का इंतजार कर रहे हैं. कई लोगों ने उनके भावुक वीडियो को शेयर करते हुए सपोर्ट भी जताया है. कहा जा रहा है कि प्रोड्यूसर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच आर्थिक मुद्दों को जल्द सुलझा लिया जाएगा ताकि फिल्म शाम तक स्क्रीन्स पर आ सके.
आरजे बालाजी इससे पहले 'लोकेश कनगाराज' की फिल्म 'मौथन' में काम कर चुके हैं और बतौर डायरेक्टर भी उन्होंने अच्छा नाम कमाया है. 'करुप्पु' उनकी नई फिल्म है, जिसमें उन्होंने खूब मेहनत की है. ऐसे में रिलीज में आई यह बाधा उनके लिए भी काफी दर्द भरी रही. फिलहाल फैंस को उम्मीद है कि फिल्म शाम तक रिलीज हो जाएगी और वे सूर्या की इस एक्शन से भरपूर फिल्म का मजा ले पाएंगे.