menu-icon
India Daily

'दीदी गो' गाने से ऊषा उत्थुप ने मनाया ममता बनर्जी की हार का 'जश्न'? क्या है इन वायरल दावों की सच्चाई

पिछले कुछ समय से जानी मानी सिंगर ऊषा उत्थुप को लेकर खबरें वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि सिंगर ने अपने गाने 'दीदी' से पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की हार का जश्न मनाया है. इसके साथ ही वह बंगाल छोड़ कर मुंबई शिफ्ट हो गई हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
'दीदी गो' गाने से ऊषा उत्थुप ने मनाया ममता बनर्जी की हार का 'जश्न'? क्या है इन वायरल दावों की सच्चाई
Courtesy: AI

मुंबई: दिग्गज सिंगर ऊषा उत्थुप ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट पर अपना रिएक्शन साझा किया है. बता दें की पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर उनके एक परफॉर्मेंस का वीडियो वायरल हो रहा है. इतनी ही नहीं इस वीडियो को पश्चिम बंगाल के हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों से जोड़ा गया था. गायिका ने तब सफाई दी जब एक यूजर ने दावा किया कि उन्होंने विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार का जश्न मनाने के लिए बंगाली गाना 'दीदी' गाया था. इसके साथ ही आगे यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के शासन के दौरान उन्होंने कोलकाता छोड़ दिया था.

सिंगर ने मनाया ममता बनर्जी की हार का जश्न?

सोशल मीडिया पर एक X यूजर ने ऊषा उत्थुप का 'दीदी' गाना गाते हुए एक वीडियो शेयर किया. इसके साथ ही कैप्शन में लिखा, 'दीदी के बंगाल छोड़ने के जश्न में, ऊषा उत्थुप ने 'दीदी गो' गाकर खूब मजा किया. यह याद रखना चाहिए कि TMC शासन के दौरान, उनके परफॉर्मेंस के लिए उनसे कमीशन की मांग की जाती थी, जिससे परेशान होकर वह मुंबई चली गई थीं. अब वह वापस आ गई हैं.'

वायरल दावों पर ऊषा उत्थुप ने तोड़ी चुप्पी

वायरल दावों पर रिएक्ट करते हुए ऊषा ने कहा कि ऑनलाइन चल रहे कई बयान 'गलत और भ्रामक' हैं. उन्होंने बताया कि वह 1976 से लगातार कोलकाता में ही रह रही हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें लिखा था, 'प्रिय दोस्तों और संगीत प्रेमियों... ट्विटर और व्हाट्सएप पर एक पोस्ट घूम रही है, जिसके बारे में मैं बस इतना कहना चाहती हूं: कृपया मुझे उन विवादों में बेवजह न घसीटें जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है. 1. मैं यह गाना 25 सालों से भी ज्यादा समय से गा रही हूं. 2. मैंने कभी कोलकाता नहीं छोड़ा और न ही मुंबई गई हूं. मैं यहीं हूं.'

पोस्ट पर आया सिंगर की बेटी का रिएक्शन

गायिका की बेटी, अंजलि उत्थुप ने उनकी पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए लिखा, 'बहुत बढ़िया कहा मां. गाती रहो और हम सबको हमेशा खुश रखती रहो... भगवान तुम्हें आशीर्वाद दे.'