मुंबई: टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में से एक करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह है उनकी कथित शादी की खबरें, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. फैंस इस खबर को लेकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन इसके पीछे की सच्चाई कुछ और ही है.
हाल ही में इस कपल की एक तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से फैलने लगी. तस्वीर में दोनों एक दूसरे के साथ बेहद खुश और करीब नजर आ रहे हैं. इसी तस्वीर के बाद से लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि शायद दोनों ने गुपचुप शादी कर ली है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर के साथ कई यूजर्स ने ऐसे कैप्शन लिखे, जिससे अफवाहों को और हवा मिली. कुछ लोगों ने दोनों को शादी की बधाई तक दे डाली, जबकि कुछ ने उन्हें परमानेंट कपल बताते हुए नए जीवन की शुभकामनाएं दीं. हालांकि, सिर्फ एक तस्वीर के आधार पर इतना बड़ा निष्कर्ष निकालना सही नहीं था. लेकिन फैंस की भावनाएं इतनी मजबूत हैं कि उन्होंने बिना पुष्टि के ही इस खबर को सच मान लिया.
इन सभी अफवाहों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या करण और तेजस्वी ने सच में शादी कर ली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है. एक विश्वसनीय सूत्र ने साफ किया है कि यह खबर पूरी तरह से गलत है और कपल ने अभी तक शादी नहीं की है. दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे मामले पर ना तो करण कुंद्रा और ना ही तेजस्वी प्रकाश की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है. उनकी चुप्पी ने जरूर फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है.
करण और तेजस्वी की लव स्टोरी की शुरुआत रियलिटी शो बिग बॉस 15 से हुई थी. इसी शो के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे धीरे उनका रिश्ता प्यार में बदल गया. शो के अंदर ही करण ने अपने दिल की बात तेजस्वी के सामने रखी थी. खास बात यह रही कि तेजस्वी ने भी अपने जज्बात जाहिर किए और दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला लिया.