Bharat Bhhagya Viddhaata Trailer: अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है. 2 मिनट 24 सेकंड के इस ट्रेलर ने दर्शकों के दिल छू लिए हैं. ट्रेलर की शुरुआत 26/11 मुंबई आतंकी हमले से होती है. कामा अस्पताल समेत मुंबई के विभिन्न इलाकों में हुए भयानक हमलों को दिखाया गया है.
फिल्म नर्स के जीवन पर आधारित लग रही है, जिसमें समाज नर्सों को किस नजर से देखता है और उनके संघर्ष को खूबसूरती से उजागर किया गया है. पेन मूवीज और मणिकर्णिका फिल्म्स द्वारा जारी ट्रेलर के साथ कैप्शन में लिखा गया- 'सुर्खियों ने आतंक को याद रखा. इतिहास ने नायकों को भुला दिया. जब आतंक ने दस्तक दी, तो उन्होंने साहस को चुना. यह उनकी कहानी है.'
यह लाइनें देखते ही लोगों की आंखें नम हो गईं. ट्रेलर रिलीज होते ही फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. एक यूजर ने लिखा- 'माई गॉड! टोटली गूसबंप्स ट्रेलर ने स्क्रीन पर बांध रखा. 'हम लोग इंपॉर्टेंट नहीं हैं पर हम जो करते हैं वो इंपॉर्टेंट है' वाली लाइन दिल को छू गई. अनसंग हीरोज को सैल्यूट.' दूसरे यूजर ने कहा- 'अब ये फिल्म मासेस को जरूर पसंद आएगी.'
कई लोगों ने कंगना रनौत की तारीफ करते हुए लिखा- 'कंगना रनौत owns every frame. उनकी एक्टिंग ने ट्रेलर को अगले लेवल पर पहुंचा दिया है.' फिल्म का ट्रेलर देशभक्ति, साहस और अनदेखे हीरोज की कहानी पर आधारित है. 26/11 के उन नायकों की कहानी जो इतिहास में भुला दिए गए, लेकिन जिनकी हिम्मत आज भी प्रेरणा देती है.
ट्रेलर में इमोशनल सीन के साथ-साथ पावरफुल डायलॉग्स और सिनेमैटोग्राफी भी लोगों को आकर्षित कर रही है. कंगना रनौत इन दिनों फिल्म की तैयारियों में व्यस्त हैं. उनकी फिल्म 'इमरजेंसी' के बाद यह प्रोजेक्ट काफी चर्चा में है. यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.