Kalyani Priyadarshan Film: मलयालम सिनेमा ने हाल ही में एक ऐसी फिल्म दी है, जिसे फैंटसी जॉनर में मास्टरपीस माना जा रहा है. इस फिल्म का नाम है 'लोका चैप्टर 1: चंद्रा' और इसकी लीड एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन की हर तरफ तारीफ हो रही है. कल्याणी ने इस फिल्म में मलयालम सिनेमा की पहली महिला सुपरहीरो का किरदार निभाया है, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कल्याणी का फिल्मी दुनिया से गहरा नाता है?
कल्याणी प्रियदर्शन मशहूर फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन और पूर्व अभिनेत्री लिसी लक्ष्मी की बेटी हैं. उनके पिता प्रियदर्शन ने 'हंगामा', 'भूल भुलैया' जैसी बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ कई साउथ इंडियन फिल्में बनाई हैं. उनकी मां लिसी भी मलयालम सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री रह चुकी हैं. इस फिल्मी खानदान की बेटी होने के बावजूद कल्याणी ने अपने दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाई है.
फिल्मी खानदान से है खास कनेक्शन
कल्याणी ने न्यूयॉर्क के पार्सन्स स्कूल ऑफ डिजाइन से आर्किटेक्चर में डिग्री हासिल की. अभिनय में आने से पहले उन्होंने थिएटर में काम किया, जिससे उनकी कला को और निखार मिला. साल 2017 में तेलुगु फिल्म 'हैलो' से उन्होंने डेब्यू किया और इस फिल्म के लिए बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीता. इसके बाद उन्होंने मलयालम, तमिल और तेलुगु फिल्मों में अपना टैलेंट दिखाया.
सुपरहीरो का निभाया किरदार
'लोका चैप्टर 1: चंद्रा' में कल्याणी ने चंद्रा नाम की सुपरहीरो का किरदार निभाया है, जो केरल की लोककथाओं से प्रेरित है. इस फिल्म को दुलकर सलमान ने प्रोड्यूस किया है और डोमिनिक अरुण ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में नसलेन, चंदु सलीम कुमार और शांति बालचंद्रन जैसे कलाकार भी हैं. कल्याणी की एक्टिंग और एक्शन सीन्स को खूब सराहा जा रहा है. फिल्म ने रिलीज के पहले चार दिनों में 24.30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.
हॉलीवुड की वंडर वुमन से हुई तुलना
कल्याणी की खूबसूरती और उनकी एक्टिंग का जादू सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है. फैंस उनकी तुलना हॉलीवुड की वंडर वुमन से कर रहे हैं. अपनी मेहनत और टैलेंट से कल्याणी ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक बड़े फिल्मी खानदान की बेटी नहीं, बल्कि एक शानदार अभिनेत्री भी हैं.