The India Story Teaser: बॉलीवुड अभिनेत्री काजल अग्रवाल की नई फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का टीजर शुक्रवार 26 जून को जारी कर दिया गया है. 'सिंघम' फेम काजल इस बार एक सशक्त वकील की भूमिका में नजर आएंगी. फिल्म खाने में मिलावट और जहर के खिलाफ आम लोगों की लड़ाई की कहानी है.
टीजर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है. फिल्म में काजल अग्रवाल वकील अर्चना का किरदार निभा रही हैं. वो एक साधारण पिता को न्याय दिलाने के लिए कोर्ट में लड़ती दिख रही हैं. उनके साथ बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी अहम भूमिका में हैं. श्रेयस फिल्म में योगेश पांडे नाम के पिता का किरदार निभा रहे हैं, जिनकी 7 साल की छोटी बेटी की मौत हो जाती है. डॉक्टर बेटी की मौत को कैंसर बताते हैं, लेकिन योगेश को यकीन है कि उनकी बेटी की मौत खाने में मौजूद मिलावट और पेस्टिसाइड्स के कारण हुई है. काजल उनकी आवाज बनकर पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ाई लड़ती हैं.
टीजर में काजल का दमदार डायलॉग और कोर्टरूम सीन काफी प्रभावशाली लग रहे हैं. फिल्म सामाजिक मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाती दिख रही है. जी स्टूडियो की इस फिल्म को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं क्योंकि आजकल खाने-पीने की चीजों में मिलावट एक बड़ी समस्या बन गई है. टीजर में भावुक पिता का दर्द, काजल की मजबूत वकील वाली छवि और सच्चाई की लड़ाई साफ नजर आ रही है.
काजल अग्रवाल ने इस फिल्म के जरिए एक बार फिर सशक्त महिला किरदार को चुना है. उन्होंने पहले भी कई सामाजिक फिल्मों में काम किया है, लेकिन इस बार कोर्टरूम ड्रामा में उनकी एंट्री खास होने वाली है. श्रेयस तलपड़े भी पिता के किरदार में बहुत संवेदनशील नजर आएंगे. 'The India Story' 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषा में एक साथ आएगी.