menu-icon
India Daily

अक्षय कुमार-अरशद वारसी की Jolly LLB 3 पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, इन बदलावों के बाद दिया U/A सर्टिफिकेट

अक्षय कुमार और अरशद वारसी की बहुप्रतीक्षित फिल्म जॉली एलएलबी 3 को सेंसर बोर्ड ने कुछ बदलावों के बाद U/A सर्टिफिकेट दे दिया है. 

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
अक्षय कुमार-अरशद वारसी की Jolly LLB 3 पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, इन बदलावों के बाद दिया U/A सर्टिफिकेट
Courtesy: x

जॉली एलएलबी सीरीज हमेशा से ही अपनी अनोखी कहानी और दमदार अदाकारी की वजह से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रही है. तीसरे हिस्से जॉली एलएलबी 3 को लेकर फैंस में खासा उत्साह है. 

हालांकि, रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ विजुअल और ऑडियो बदलाव करवाए हैं. इनमें गाली-गलौज वाले शब्द हटाना, अल्कोहल ब्रांड ब्लर करना और कुछ संवादों को संशोधित करना शामिल है. बदलावों के बाद फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट प्रदान किया गया.

CBFC के निर्देश और किए गए बदलाव

सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने मेकर्स से कहा कि फिल्म में इस्तेमाल किए गए अपशब्द को पूरी तरह से हटाया जाए. इसके अलावा, जहां-जहां भी शराब का ब्रांड दिखाई दे रहा था, उसे ब्लर करने के निर्देश दिए गए. एक दृश्य जिसमें पुलिसकर्मी एक बुजुर्ग व्यक्ति की पिटाई करते नजर आते हैं, उसमें भी संशोधन किया गया. इसी तरह कुछ लोगो और ब्रांडिंग वाले विजुअल्स को भी बदलकर या ब्लर करने का आदेश दिया गया.

संवादों में किए गए बदलाव

फिल्म के कुछ डायलॉग्स को भी संशोधित किया गया है. उदाहरण के तौर पर, एक संवाद को बदलकर 'Emergency Clause' किया गया. वहीं, फिल्म के दूसरे हिस्से में एक डायलॉग को संशोधित कर दिया गया है- 'जानकी अम्मा का गांव सिर्फ एक… चेक मुंह पे फेंक के मारा.' इन बदलावों का मकसद फिल्म को व्यापक दर्शकों के लिए उपयुक्त बनाना था.

रनटाइम और रिलीज डेट

बदलावों के बाद जॉली एलएलबी 3 को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है. फिल्म की रनटाइम 157 मिनट 16 सेकंड यानी लगभग 2 घंटे 37 मिनट है. यह फिल्म 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ अमृता राव, हुमा कुरैशी, सीमा विश्वास, गजराज राव और सौरभ शुक्ला भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.

एडवांस बुकिंग और बॉक्स ऑफिस उम्मीदें

रिलीज से पहले ही जॉली एलएलबी 3 की एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है. शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन बिना ब्लॉक सीट्स के 71.82 लाख रुपये की बुकिंग दर्ज की, जबकि ब्लॉक सीट्स के साथ यह आंकड़ा 2.1 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म का शुरुआती कलेक्शन मजबूत रहेगा, लेकिन इसकी असली सफलता दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगी.