मुंबई: 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अदालत में उनकी उस याचिका का विरोध किया जिसमें एक्ट्रेस ने सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई थी. एजेंसी ने कोर्ट में कहा कि जैकलीन खुद को पीड़ित बताने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन रिकॉर्ड पर मौजूद सबूत कुछ और ही कहानी बताते हैं. ED के मुताबिक एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को ठग सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक इतिहास के बारे में सारी जानकारी थी.
ED ने अदालत में कहा कि जैकलीन, सुकेश की असली पहचान और आपराधिक बैकग्राउंड जानने के बावजूद भी उसके साथ रिलेशन में थीं. एजेंसी के अनुसार उन्होंने केवल महंगे तोहफे ही नहीं लिए बल्कि अपराध से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल खुद और अपने परिवार के लिए भी किया.
हाल ही में जैकलीन फर्नांडीज ने दिल्ली की अदालत को बताया था कि वह इस मामले में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं. यह कदम ऐसे समय आया जब कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने से इनकार कर दिया था. अब एक्ट्रेस की कोशिश है कि वह इस मामले में खुद को पीड़ित साबित कर सकें. हालांकि ED ने कोर्ट में साफ कहा कि इस मामले में सहयोगी गवाह बनने का दावा उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में जिम्मेदारी से मुक्त नहीं कर सकता.
सुकेश चंद्रशेखर लंबे समय से यह दावा करता रहा है कि वह जैकलीन का बॉयफ्रेंड था. सोशल मीडिया और इंटरनेट पर दोनों की कई तस्वीरें भी वायरल हुई थीं जिनमें दोनों काफी करीब नजर आए थे. हालांकि जैकलीन लगातार यह कहती रही हैं कि उन्हें सुकेश के आपराधिक अतीत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. एक्ट्रेस का दावा है कि सुकेश ने खुद को एक सफल बिजनेसमैन बताया था और उन्हें गुमराह किया.
अदालत में एक्ट्रेस की तरफ से कहा गया कि सुकेश ने उनकी भावनाओं के साथ खेला और उनकी जिंदगी को मुश्किल बना दिया. जैकलीन ने कहा कि उन्हें यह नहीं पता था कि सुकेश पर इतने गंभीर आरोप हैं. उनका कहना है कि इस पूरे मामले की वजह से उनके करियर और निजी जिंदगी पर बुरा असर पड़ा.