मुंबई: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को बेहद रोमांचक मैच में सात रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रनों की बारिश देखने को मिली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड की टीम भी जोरदार मुकाबला करती रही लेकिन आखिर में भारतीय गेंदबाजों ने मैच को अपने नाम कर लिया.
इस मैच में कुल 499 रन बने जो टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के सबसे बड़े कुल स्कोर में से एक माना जा रहा है. इस शानदार जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है.
टीम इंडिया की इस जीत के बाद सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सितारे भी बेहद उत्साहित नजर आए. कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके टीम इंडिया को बधाई दी. करीना कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने का पोस्टर शेयर किया और दिल के इमोजी के साथ खुशी जाहिर की.
एक्टर सोनू सूद ने भी टीम इंडिया की जीत पर गर्व जताया. उन्होंने लिखा कि मेरा भारत महान. एक अरब से ज्यादा दिल इस जीत का जश्न मना रहे हैं और अब बस कप घर आने वाला है.
वहीं दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी सोशल मीडिया पर उत्साह भरा संदेश शेयर किया. उन्होंने लिखा कि यह मेरा भारत है. भारत माता की जय और जय हिंद.
बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अनिल कपूर भी इस बड़े मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद थे. मैच खत्म होने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी. उन्होंने लिखा कि फाइनल का रास्ता खुल गया है और अब टीम इंडिया को जीत की ओर बढ़ते देखना शानदार होगा. उनके इस पोस्ट को फैंस ने भी खूब पसंद किया.
एक्ट्रेस सैयामी खेर ने भी टीम इंडिया की जीत पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में मैच के अहम पलों का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि फाइनल आ रहे हैं और मैच कैच से जीते जाते हैं. उन्होंने संजू सैमसन की शानदार पारी की तारीफ की और कहा कि उन्होंने मौका मिलने पर शानदार खेल दिखाया. सैयामी ने अक्षर पटेल के शानदार कैच और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी की भी जमकर सराहना की.