menu-icon
India Daily

कृति सेनन के अवॉर्ड पर उठे सवाल पर यामी गौतम को क्यों देनी पड़ी सफाई, वायरल रील से शुरू हुआ बवाल

जी सिने अवॉर्ड्स 2026 में कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिलने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. इसी बीच यामी गौतम द्वारा एक विवादित रील लाइक करने की खबर वायरल हुई. अब एक्ट्रेस ने सामने आकर पूरी सच्चाई बताई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
कृति सेनन के अवॉर्ड पर उठे सवाल पर यामी गौतम को क्यों देनी पड़ी सफाई, वायरल रील से शुरू हुआ बवाल
Courtesy: Social Media

मुंबई: बॉलीवुड में अवॉर्ड शोज को लेकर अक्सर विवाद सामने आते रहते हैं. इस बार चर्चा का केंद्र बनीं हैं यामी गौतम. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई जिसमें दावा किया गया कि यामी गौतम ने एक ऐसी रील को लाइक किया है जिसमें कृति सेनन को मिले बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड पर सवाल उठाए गए थे.

यह पोस्ट सबसे पहले रेडिट पर सामने आई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इसके बाद कई यूजर्स ने यामी गौतम को ट्रोल करना शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने कहा कि वह कृति सेनन की जीत से खुश नहीं हैं. सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद को देखते हुए आखिरकार यामी गौतम को सामने आकर सफाई देनी पड़ी.

यामी गौतम ने इंस्टाग्राम स्टोरी में दी सफाई

यामी गौतम ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जिस रील को लेकर विवाद हो रहा है वह जानबूझकर लाइक नहीं की गई थी. एक्ट्रेस ने लिखा कि उन्हें पता चला है कि उन्होंने शायद एक ऐसी रील लाइक कर दी है जो किसी दूसरे कलाकार को नीचा दिखाने वाली है. उन्होंने बताया कि उन्हें रोज कई पोस्ट और रील में टैग किया जाता है और यह भी उन्हीं में से एक था.

Yami Gautam -India Daily
Yami Gautam -India Daily Instagram Screenshot

यामी ने साफ कहा कि यह पूरी तरह से अनजाने में हुआ और संभव है कि यह गलती से क्लिक हो गया हो. उनका कहना है कि किसी भी कलाकार के लिए ऐसा करना उनकी सोच के खिलाफ है.

सस्ते पीआर तरीकों से दूरी

यामी गौतम ने अपने बयान में यह भी कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी भी सस्ते पीआर तरीकों का इस्तेमाल नहीं किया है. उन्होंने लिखा कि वह हमेशा अपने काम पर ध्यान देती हैं और उसी के दम पर आगे बढ़ी हैं. उनका मानना है कि आज के समय में क्लिकबेट और सोशल मीडिया गॉसिप तेजी से फैलते हैं और कई बार चीजों को बढ़ा चढ़ाकर पेश किया जाता है.

यामी ने उम्मीद जताई कि सोशल मीडिया पोर्टल्स और लोग इस बात को समझेंगे कि उन्होंने अपने काम से एक अलग पहचान बनाई है और वह इस तरह की विवादित चीजों से दूर रहती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोई पीआर टीम नहीं है और वह एंटरटेनमेंट अवॉर्ड शोज को लेकर अपना रुख पहले ही साफ कर चुकी हैं.

कृति सेनन की जीत के बाद शुरू हुई बहस

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब 1 मार्च को हुए जी सिने अवॉर्ड्स 2026 में कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला. उन्हें यह सम्मान फिल्म तेरे इश्क में में उनकी परफॉर्मेंस के लिए दिया गया. हालांकि कृति की जीत के बाद सोशल मीडिया पर अलग अलग रिएक्शन सामने आए हैं. कुछ लोगों ने उनकी एक्टिंग की तारीफ की तो कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए कि इस अवॉर्ड के लिए दूसरी एक्ट्रेस ज्यादा मजबूत दावेदार थीं. कई लोगों का कहना था कि फिल्म हक के लिए यामी गौतम को यह अवॉर्ड मिलना चाहिए था. वहीं कुछ यूजर्स ने फिल्म इमरजेंसी के लिए कंगना रनौत को भी मजबूत दावेदार बताया.