मुंबई: फिल्म एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया का तलाक हाल ही में आधिकारिक रूप से हो गया है. दोनों को मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट से आपसी सहमति के आधार पर तलाक मिल गया है. करीब चार साल पहले दोनों ने एक भव्य समारोह में शादी की थी. हालांकि समय के साथ उनके रिश्ते में दूरी बढ़ती चली गई. रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों के बीच सोच, लाइफस्टाइल और व्यक्तित्व में अंतर की वजह से मतभेद बढ़ने लगे थे.
तलाक की खबर सामने आने के कुछ समय बाद हंसिका की एक्स भाभी मुस्कान नैन्सी जेम्स ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर किया. अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अनुरोध है कि उन्हें किसी और की जिंदगी से दूर रखा जाए. उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी की नकली दुनिया का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं. उन्होंने आगे लिखा कि उनके पास कोई पेड पीआर नहीं है और सच समय के साथ सामने आ जाएगा. पोस्ट के अंत में उन्होंने शांति, प्यार और कर्म की बात भी लिखी.
दरअसल हंसिका मोटवानी की शादी पहले भी विवादों में रही थी. 4 दिसंबर 2022 को उन्होंने राजस्थान के जयपुर स्थित मुंडोता फोर्ट एंड पैलेस में सोहेल खतूरिया के साथ शादी की थी. शादी के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया था कि सोहेल पहले हंसिका की करीबी दोस्त रिंकी बजाज के पति थे. कहा गया कि सोहेल की पहली शादी रिंकी बजाज से हुई थी और बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद सोहेल और हंसिका ने शादी कर ली. इस वजह से उस समय भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी.
इन आरोपों को लेकर हंसिका मोटवानी ने पहले भी अपना रिएक्शन साझा किया था. उन्होंने अपने शो लव शादी ड्रामा में इस विवाद पर खुलकर बात की थी. उन्होंने कहा था कि सिर्फ इसलिए कि वह उस समय उस व्यक्ति को जानती थीं इसका मतलब यह नहीं है कि उनकी किसी शादी टूटने में कोई भूमिका थी. हंसिका ने यह भी कहा था कि एक सार्वजनिक व्यक्ति होने के कारण लोगों के लिए उन पर आरोप लगाना आसान होता है. उन्होंने इसे एक सेलिब्रिटी होने की कीमत बताया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हंसिका और सोहेल ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया. उनके वकील अदनान शेख ने बताया कि दोनों ने मान लिया था कि उनकी शादी अब आगे नहीं चल सकती. रिपोर्ट्स के मुताबिक हंसिका मोटवानी ने तलाक के दौरान किसी भी तरह के आर्थिक निपटारे की मांग नहीं की. फिलहाल एक्ट्रेस अपने करियर और निजी जिंदगी पर ध्यान देना चाहती हैं.