भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में अपने शानदार विलेन किरदारों के लिए मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे. लंबे समय से ब्लड कैंसर से लड़ रहे अभिनेता ने 74 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली, जिससे फिल्म जगत में शोक की लहर है.
प्रदीप रावत के बिजनेस मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि अभिनेता पिछले पांच वर्षों से ब्लड कैंसर का इलाज करा रहे थे. इलाज के बाद उनकी तबीयत कुछ समय के लिए बेहतर हुई थी लेकिन कुछ महीने पहले बीमारी फिर लौट आई. पिछले दो महीनों से वह अस्पताल में भर्ती थे और डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे थे. पिछले कुछ दिनों में उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई और मंगलवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली. परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा.
प्रदीप रावत ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में भी अपनी खास पहचान बनाई. उन्होंने कई फिल्मों में खलनायक के ऐसे किरदार निभाए जिन्हें आज भी दर्शक याद करते हैं। आमिर खान की फिल्म 'गजनी' में उनका अभिनय काफी पसंद किया गया था. वहीं 'लगान' में निभाया गया उनका किरदार भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा. उनकी मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस और अलग अंदाज ने उन्हें इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों में शामिल किया.
प्रदीप रावत के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई. अभिनेता सोनू सूद ने उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. टीवी अभिनेता आयुषपाल शर्मा ने भी उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी. फैंस ने उनकी फिल्मों के यादगार सीन और डायलॉग शेयर किए और उन्हें भारतीय सिनेमा का शानदार अभिनेता बताया. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसने हर भूमिका में अपनी अलग पहचान बनाई और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता.