Aamir Khan Lalkaar: फरहान अख्तर ने आमिर खान की फिल्म 'ललकार' से जुड़ी अफवाहों पर खामोशी तोड़ दी है. हाल ही में खबरें आई थीं कि फरहान इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गए हैं. लेकिन फरहान ने साफ कहा कि उन्होंने इस फिल्म को आधिकारिक रूप से कभी साइन ही नहीं किया था.
आमिर खान और निर्देशक आशुतोष गोवारिकर 1952 के भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर आधारित एक फिल्म बना रहे हैं. इस फिल्म का नाम 'ललकार' बताया जा रहा है. अभी तक फिल्म का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. पहले खबरें आई थीं कि फरहान अख्तर इसमें एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगे. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि शेड्यूल की समस्या की वजह से फरहान ने इस फिल्म को छोड़ दिया और आरडी बर्मन की बायोपिक को चुना.
मंगलवार को फरहान ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा- 'मैं किसी प्रोजेक्ट से कैसे बाहर हो सकता हूं जब मैंने आधिकारिक रूप से उसमें एंट्री ही नहीं ली थी?' उन्होंने आगे बताया कि एक एक्टर के करियर में कई प्रोजेक्ट ऑफर होते हैं. कुछ को वे साइन कर लेते हैं और कुछ को नहीं.
फरहान और उनके पार्टनर रितेश सिधवानी अपनी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के जरिए 'ललकार' का प्रोडक्शन करेंगे. खबरों के मुताबिक फरहान की जगह अभिनेता सिधांत गुप्ता को लिया जा सकता है.
फरहान फिलहाल कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. वे ब्रिटिश निर्देशक सैम मेंडेस की फिल्म 'द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' में सितार वादक और संगीतकार पंडित रवि शंकर का किरदार निभाएंगे. इसके अलावा नीरज पांडे निर्देशित आरडी बर्मन की बायोपिक भी उनके पास है. फरहान ने कहा कि एक संगीत आइकन को निभाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. वे पूरी तरह पंडित रवि शंकर के किरदार पर फोकस कर रहे हैं. आरडी बर्मन का किरदार निभाने के लिए उन्हें अलग मूड और सोच में जाना होगा.
इसी बीच फरहान की फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' सितंबर में रिलीज होने वाली है. इसका टीजर जून में आया था और दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया.