टेलीविजन अभिनेता गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला एक बार फिर सुर्खियों में हैं. शादी के करीब नौ साल बाद दोनों के अलग होने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. इस खबर के सामने आने के साथ ही कई यूजर्स ने बिग बॉस 19 के दौरान दोनों की ऑन स्क्रीन बॉन्डिंग पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
आकांक्षा चमोला ने एक शो के दौरान खुलासा किया कि वह और गौरव पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच किसी तरह की कड़वाहट नहीं है, लेकिन भविष्य को लेकर दोनों की सोच अलग है. इसी वजह से उन्होंने अलग रहने का फैसला किया.
आकांक्षा ने बताया कि दोनों परिवारों ने उन्हें कुछ समय अलग रहने की सलाह दी थी ताकि वे अपने रिश्ते को समझने का मौका पा सकें. इस दौरान दोनों एक दूसरे से बातचीत करते रहे, सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी साथ नजर आए और एक दूसरे का सहयोग करते रहे. इसी वजह से परिवार और करीबी लोगों को उम्मीद थी कि शायद दोनों फिर से साथ आ जाएंगे.
हालांकि आकांक्षा ने स्वीकार किया कि समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि पति पत्नी वाला रिश्ता पहले जैसा नहीं रहा.
अलगाव की खबर सामने आने के बाद बिग बॉस 19 के फैमिली वीक के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर फिर से वायरल होने लगीं. उस दौरान आकांक्षा ने शो में पहुंचकर गौरव का हौसला बढ़ाया था और दोनों के बीच भावुक पल भी देखने को मिले थे.
इसी को लेकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए कि जब दोनों पहले से अलग रह रहे थे तो शो में उनकी नजदीकियां क्यों दिखाई दीं. कुछ यूजर्स ने इसे दिखावा बताया, जबकि कुछ ने इसे निजी रिश्ते का मामला बताते हुए किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की सलाह दी.
तलाक और अलगाव की खबर के बाद इंटरनेट पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने दोनों की आलोचना की और कहा कि उन्होंने खुशहाल रिश्ते की छवि पेश की. वहीं कई फैंस ने दोनों का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी रिश्ते की वास्तविक स्थिति केवल उससे जुड़े लोग ही जानते हैं और निजी फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए.