दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए 'ऑपरेशन शुद्ध प्रहार' की शुरुआत की है. इस विशेष अभियान के तहत मुहर्रम के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान राजधानी के विभिन्न इलाकों में व्यापक छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान करीब 49 हजार लीटर अवैध शराब, 720 बीयर के कैन और लगभग 42 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने इस संबंध में पांच अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नॉर्थ ईस्ट जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि आबकारी कानून से जुड़े मामलों और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है. उनके अनुसार, ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की.
पुलिस के अनुसार, सबसे बड़ी कार्रवाई सोनिया विहार थाना क्षेत्र में की गई, जहां से 16 हजार क्वार्टर शराब की बोतलें बरामद हुईं. इसके अलावा भजनपुरा क्षेत्र में भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई, जहां करीब 11 हजार क्वार्टर बोतलें पुलिस के हाथ लगीं. पूरे अभियान के दौरान कुल 27,200 क्वार्टर बोतलें, जिनमें लगभग 49 हजार लीटर शराब थी, बरामद की गईं.
इसके साथ ही 720 बीयर के कैन और अवैध बिक्री से जुड़ी लगभग 42 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की गई. डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि हाल ही में चलाए गए 'ऑपरेशन कवच 14.0' की सफलता के बाद आबकारी अपराधों पर विशेष फोकस करते हुए 'ऑपरेशन शुद्ध प्रहार' शुरू किया गया है.
इसका उद्देश्य अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है. पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे ताकि अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
इससे पहले 22 से 24 जून के बीच दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच 14.0' के तहत 48 घंटे का व्यापक अभियान चलाया था. राजधानी के सभी 15 पुलिस जिलों में एक साथ 4,035 स्थानों पर छापेमारी की गई थी. इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करना था.