देहरादून: देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए रायपुर क्षेत्र की सोंग नदी और इसके आसपास के प्राकृतिक झरने इन दिनों आकर्षण का नया केंद्र बन रहे हैं. जहां एक ओर रॉबर्स केव में पर्यटकों की भीड़, लंबी कतारें और टिकट की व्यवस्था रहती है, वहीं रायपुर का यह इलाका शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों को अपनी ओर खींच रहा है.
रायपुर स्थित सोंग नदी का साफ और ठंडा पानी गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देता है. स्थानीय लोगों के साथ साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी यहां पहुंचकर प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं. पहाड़ों के बीच बहती नदी, हरियाली और शांत माहौल इस जगह को खास बनाते हैं.
दिल्ली से घूमने आए पर्यटक बंटी ने बताया कि राजधानी में तेज गर्मी के कारण वह दोस्तों के साथ चार दिन के लिए देहरादून आए हैं. उन्होंने कहा कि यहां का ठंडा मौसम, साफ पानी और प्राकृतिक वातावरण उन्हें काफी पसंद आया. उनके अनुसार, सोंग नदी का किनारा भीड़भाड़ से दूर शांत अनुभव देता है.
सोंग नदी के आसपास थोड़ी दूरी पर कई छोटे प्राकृतिक झरने और जलस्रोत भी मौजूद हैं. यहां बहता पानी, चट्टानों से टकराती जलधारा और पक्षियों की आवाजें पर्यटकों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराती हैं. यही वजह है कि शांत वातावरण पसंद करने वाले लोग इस स्थान को रॉबर्स केव के विकल्प के रूप में देख रहे हैं.
इस जगह की एक खास बात यह भी है कि यहां प्रवेश के लिए किसी प्रकार का टिकट नहीं लगता. पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार यहां पहुंच सकते हैं और नदी किनारे समय बिता सकते हैं. कई लोग पानी में पैर डालकर बैठना, परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाना या प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेना पसंद करते हैं.
रायपुर क्षेत्र तक पहुंचना भी काफी आसान है. देहरादून के घंटाघर से यह स्थान सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है. यहां निजी दोपहिया और चारपहिया वाहन से पहुंचने की सुविधा उपलब्ध है. स्थानीय लोगों के बीच यह स्थान पहले से लोकप्रिय रहा है और अब धीरे धीरे बाहरी पर्यटकों के बीच भी इसकी पहचान बढ़ रही है.
हालांकि, प्राकृतिक स्थलों पर घूमने के दौरान पर्यटकों से अपील की जाती है कि वे स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक या अन्य कचरा नदी और आसपास के क्षेत्र में न फैलाएं तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. इससे इस प्राकृतिक स्थल की सुंदरता लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेगी.