menu-icon
India Daily

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में फायरिंग हुई है. इस फायरिंग में टाइगर बाल-बाल बच गए लेकिन एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
Courtesy: X

 रविवार शाम को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू में फायरिंग हुई. इस फायरिंग में टाइगर बाल-बाल बच गए लेकिन एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है. हादसे की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. हादसे की जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस ने कहा कि जूहू पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक गोलीबारी की घटना हुई है. अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई भी चोट नहीं लगी है. मामले की जांच जारी है.

टाइगर पर तीन राउंड चली गोली

जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने टाइगर को निशाना बनाते हुए तीन बार गोली चलाई. इस गोलीबारी में टाइगर के ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं. ड्राइवर के अलावा एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर इस घटना में घायल बताया जा रहा है. बता दें कि 36 वर्षीय टाइगर श्रॉफ जैकी श्रॉफ के बेटे हैं.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

इस हादसे की जिम्मेदीर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.  गैंग के सदस्य अनिल पंडित ने एक ऑडियो जारी कर इस गोलीकांड की जिम्मेदारी ली है. जानकारी के मुताबिक, हमले के दौरान टाइगर फुटबॉल के मैदान से बाहर निकल रहे थे. अनिल पंडित ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि टाइगर श्रॉफ उसके निशाने पर थे क्योंकि वह हमारे निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे और सलमान खान के साथ काम कर रहे थे. बता दें कि गुजरात की जेल में बंद बिश्नोई कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है.

BMW कार में सवार थे टाइगर

जिस समय यह हमला हुआ उस समय टाइगर अपनी BMW कार में सवार थे. गोली लगने से टाइगर के ड्राइवर की हालत स्थिर बनी हुई है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अभी तक किसी फिल्म में साथ नहीं दिखे टाइगर-सलमान

बता दें कि टाइगर ने सलमान खान के साथ अभी तक किसी फीचर फिल्म में काम नहीं किया है लेकिन उनके बीच अच्छे संबंध हैं. कहा जाता है कि टाइगर को बॉलीवुड में लॉन्च करने में सलमान खान ने काफी मदद की थी. हालांकि टाइगर के पिता जैकी श्रॉफ ने सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम किया है.