menu-icon
India Daily

मलयालम निर्देशक बलराज कलारिक्कल का 28 साल की उम्र में निधन, मौत से एक दिन पहले रिलीज हुई थी वेब सीरीज

मलयालम निर्देशक बलराज कलारिक्कल का 28 वर्ष की उम्र में एर्नाकुलम के होटल में निधन हो गया. उनकी सीरीज ‘कप्पी स्क्वाड’ जियोहॉटस्टार पर हाल ही में रिलीज हुई थी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मलयालम निर्देशक बलराज कलारिक्कल का 28 साल की उम्र में निधन, मौत से एक दिन पहले रिलीज हुई थी वेब सीरीज
Courtesy: X

मलयालम फिल्म निर्देशक बलराज कलारिक्कल का 28 साल की उम्र में निधन हो गया. वह वेब सीरीज ‘कप्पी स्क्वाड’ के निर्देशक थे, जिसकी स्ट्रीमिंग 15 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर शुरू हुई थी. सीरीज के रिलीज होने के एक दिन बाद उनके निधन की खबर सामने आई.

होटल के कमरे में मिला शव

बलराज केरल के कोट्टायम जिले के मणिमाला के रहने वाले थे. वह एर्नाकुलम के एक होटल के कमरे में मृत पाए गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत अचानक दिल का दौरा पड़ने से हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर शुरू किया था करियर

बलराज ने ‘निझल’, ‘मधुरम’ और ‘डागिनी’ जैसी फिल्मों में एसोसिएट और असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया था. ‘कप्पी स्क्वाड’ उनके स्वतंत्र निर्देशक के तौर पर करियर की पहली सीरीज थी. इसके कुल 36 एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी थी, जिनमें से चार एपिसोड स्ट्रीम किए जा चुके हैं. बताया गया है कि वह सीरीज के निर्देशक श्रीकांत के साथ ठहरे हुए थे. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उनके निधन का पता चला. अब पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.