नई दिल्ली: पाकिस्तान में कंडोम ब्रांड के एक सोशल मीडिया विज्ञापन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. हॉलीवुड की चर्चित हॉरर फिल्म Obsession से प्रेरित इस विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. आलोचकों का आरोप है कि विज्ञापन ने फिल्म के गंभीर विषयों को गलत तरीके से पेश किया और बिना सहमति वाले व्यवहार को हल्के अंदाज में दिखाने की कोशिश की.
विवाद उस समय शुरू हुआ जब Durex पाकिस्तान के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की गई. पोस्ट में फिल्म के किरदार बेयर की कार के अंदर कंडोम का पैकेट दिखाया गया था. इसके साथ फिल्म में दिखाई गई रहस्यमयी वस्तु 'वन विश विलो' का संदर्भ भी शामिल था. पोस्ट की टैगलाइन में लिखा गया था, 'मेक हर ऑब्सेस्ड विद यू' . इसी संदेश को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई.
कई लोगों का कहना था कि फिल्म की कहानी सहमति, जुनूनी व्यवहार और अस्वस्थ रिश्तों जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है. ऐसे में उस कहानी को उत्पाद के प्रचार के लिए इस्तेमाल करना संवेदनशील विषयों का मजाक उड़ाने जैसा है. कुछ यूजर्स ने विज्ञापन को घिनौना और गैर-जिम्मेदाराना बताया. वहीं कई लोगों ने कहा कि यह संदेश गलत सामाजिक संकेत देता है.
आलोचना बढ़ने के बाद संबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. तब तक उसके स्क्रीनशॉट इंटरनेट पर वायरल हो चुके थे. इसके बाद बहस और तेज हो गई. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने ब्रांड की मार्केटिंग रणनीति पर सवाल उठाए और जिम्मेदार विज्ञापन की मांग की.
फिल्म Obsession की कहानी बेयर नामक एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बचपन की दोस्त निक्की से प्रेम करता है. अपनी इच्छा पूरी करने के लिए रहस्यमयी वस्तु का इस्तेमाल करता है. इसके बाद निक्की का प्यार असामान्य और खतरनाक जुनून में बदल जाता है. फिल्म रिश्तों में नियंत्रण, अकेलेपन और अस्वस्थ लगाव जैसे विषयों को दर्शाती है.
साल 2026 में रिलीज हुई Obsession को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई की और दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी रही. समीक्षकों ने इसके विषय, कहानी और सामाजिक संदेश की सराहना की. इसी वजह से फिल्म से जुड़ा विवादित विज्ञापन भी तेजी से चर्चा में आ गया.