मुंबई: दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अमेरिका के मशहूर लेट-नाइट शो 'द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फैलन' पर धमाल मचाने वाले हैं. पंजाबी गायक-एक्टर ने अपनी वापसी से पहले ही स्टूडियो में भांगड़ा करते हुए एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसने फैंस का जोश बढ़ा दिया है.
मंगलवार (28 अप्रैल) को दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर एक फनी वीडियो पोस्ट किया. इसमें वे स्टूडियो के दरवाजे खुलते ही अपनी टीम से मजाक करते नजर आए. दिलजीत ने कहा- 'क्या लगता था नहीं लौटेंगे? कहा था ना कि एक बार पंजाबी आ जाएं तो जल्दी नहीं जाते. जिमी फैलन आ गए ओए!' इसके बाद वे स्टूडियो में ही 'मोरनी' गाने पर भांगड़ा करने लगे.
पोस्ट को उन्होंने कैप्शन दिया – 'AA GAYE OYE' वीडियो में दिलजीत की एनर्जी देखते ही बनती है. अपनी पहली विजिट की तरह इस बार भी उन्होंने शो को पंजाबी स्वैग से भरने का फैसला किया है. एक और वायरल क्लिप में दिलजीत जिमी फैलन को भांगड़ा के स्टेप्स सिखाते नजर आए. दोनों एक साथ हंसते-खेलते डांस करते दिखे. दिलजीत जिमी को आसान तरीके से भांगड़ा मूव्स समझा रहे थे, जबकि जिमी भी मजा लेते हुए उनके साथ कोशिश कर रहे थे.
यह दिलचस्प और मनोरंजक क्षण फैंस को बहुत पसंद आ रहा है. गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ ने साल 2024 में पहली बार 'द टुनाइट शो' पर परफॉर्म किया था. तब उन्हें 'प्लैनेट का सबसे बड़ा पंजाबी आर्टिस्ट' बताया गया था. उन्होंने अपने हिट गाने 'G.O.A.T.' और 'Born To Shine' पर परफॉर्मेंस दी थी और स्टेज पर भांगड़ा भी किया था, जिसने ग्लोबल ऑडियंस को काफी प्रभावित किया था.
दिलजीत की इस वापसी पर पंजाबी म्यूजिक और भांगड़ा कल्चर को फिर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने का मौका मिल रहा है. वे अपनी मस्ती भरी शख्सियत और जबरदस्त स्टेज प्रेजेंस के लिए दुनिया भर में लोकप्रिय हैं. फैंस अब इस एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उम्मीद है कि इस बार भी दिलजीत कुछ नया और धांसू परफॉर्मेंस लेकर आएंगे. 'मोरनी' गाने पर जिमी फैलन के साथ उनका भांगड़ा सेशन पहले ही सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.