नई दिल्ली: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के दर्शकों के बीच उस समय हलचल मच गई, जब सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हुई कि अब जेठालाल का किरदार निभाने वाले दिलीप जोशी भी शो को अलविदा कह सकते हैं. लंबे समय से शो से कई कलाकारों की विदाई के बाद इस खबर ने फैंस की चिंता और बढ़ा दी थी. इन अटकलों के बीच अब खुद दिलीप जोशी ने सामने आकर अपनी बात रखी है. शो के 18 साल पूरे होने के अवसर पर उन्होंने अपने शो छोड़ने और स्क्रीन टाइम कम किए जाने जैसी खबरों पर प्रतिक्रिया दी. साथ ही बिना पुष्टि के खबरें प्रकाशित करने के चलन पर भी सवाल उठाए.
दिलीप जोशी ने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के अपने फायदे और नुकसान दोनों हैं. उनके मुताबिक, कुछ लोग केवल व्यूज और लोगों का ध्यान खींचने के लिए बिना पुष्टि के खबरें प्रकाशित कर देते हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी खबर को सामने लाने से पहले संबंधित प्रोडक्शन हाउस या कलाकार से उसकी सच्चाई जरूर जान लेनी चाहिए.
अभिनेता ने कहा कि आज हर कोई सबसे पहले खबर देने की होड़ में लगा है. इसी वजह से कई बार अपुष्ट जानकारियां भी तेजी से वायरल हो जाती हैं. हालांकि उन्होंने जिम्मेदारी से काम करने वाले मीडिया संस्थानों और कंटेंट क्रिएटर्स की सराहना भी की. साथ ही प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें.
पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं भी चल रही थीं कि शो में दिलीप जोशी का स्क्रीन टाइम पहले की तुलना में कम कर दिया गया है. इसी के साथ उनके शो छोड़ने की अफवाहों ने भी जोर पकड़ लिया था. हालांकि अभिनेता ने इन चर्चाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरों पर भरोसा नहीं करना चाहिए.
दिलीप जोशी लंबे समय से अभिनय की दुनिया का हिस्सा रहे हैं और छोटे पर्दे से पहले हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं. लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में जेठालाल के किरदार से मिली. यही किरदार उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बन गया और आज भी दर्शकों के बीच उतना ही पसंद किया जाता है.
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने हाल ही में अपने 18 साल पूरे किए हैं. इतने लंबे समय बाद भी शो और जेठालाल का किरदार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है. ऐसे में दिलीप जोशी के बयान के बाद शो छोड़ने की अफवाहों पर फिलहाल विराम लग गया है और फैंस ने भी राहत की सांस ली है. जानकारी के लिए आपको बता दें की दया बेन के रोल में नजर आ चुकीं
दिशा वकानी पहले ही शो को छोड़ चुकी हैं.