menu-icon
India Daily

'धुरंधर 2 द रिवेंज' ने रिलीज से पहले ही 4 रिकॉर्ड तोड़े, रणवीर सिंह की फिल्म मचा रही गदर

'धुरंधर 2: द रिवेंज' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में आने वाली यह स्पाई थ्रिलर एक्शन से भरपूर है और फैंस में जबरदस्त उत्साह है. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह फिर से हमजा अली मज़ारी के किरदार में नजर आएंगे.

antima
Edited By: Antima Pal
'धुरंधर 2 द रिवेंज' ने रिलीज से पहले ही 4 रिकॉर्ड तोड़े, रणवीर सिंह की फिल्म मचा रही गदर
Courtesy: x

मुंबई: रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. 19 मार्च 2026 को थिएटर्स में आने वाली यह स्पाई थ्रिलर एक्शन से भरपूर है और फैंस में जबरदस्त उत्साह है. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह फिर से हमजा अली मज़ारी के किरदार में नजर आएंगे, जो ल्यारी, कराची में भारतीय जासूस के रूप में काम करते हैं.

रिलीज से ठीक पहले 'धुरंधर 2' ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े

स्टार कास्ट में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और अन्य शामिल हैं. फिल्म हिंदी के साथ तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज हो रही है, जिससे इसका दायरा और बढ़ गया है. रिलीज से ठीक पहले 'धुरंधर 2' ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म के पेड प्रीव्यू (18 मार्च) और ओपनिंग डे (19 मार्च) की एडवांस बुकिंग से कुल 119.81 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है. 

ओपनिंग डे की बुकिंग 22 करोड़ से ऊपर

पेड प्रीमियर शोज अकेले लगभग 37.11 करोड़ रुपये कमा चुके हैं, जबकि ओपनिंग डे की बुकिंग 22 करोड़ से ऊपर पहुंच गई है. यह आंकड़ा घरेलू बाजार में ही इतना बड़ा है कि फिल्म पहले ही कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर चुकी है. ओवरसीज में भी फिल्म कमाल कर रही है. नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स में यह पहली भारतीय फिल्म बनी है जिसने 5 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया. इससे पहले पठान, RRR और बाहुबली 2 जैसे बड़े फिल्मों ने 4 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमाए थे, लेकिन 'धुरंधर 2' ने उन्हें पीछे छोड़ दिया. 

वर्ल्डवाइड एडवांस ग्रॉस 120 करोड़ रुपये के पार

कुल मिलाकर ओवरसीज एडवांस बुकिंग में 6 मिलियन डॉलर से ज्यादा हो चुके हैं, जिससे वर्ल्डवाइड एडवांस ग्रॉस 120 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. यह 2026 में बॉलीवुड की सबसे बड़ी प्री-सेल्स फिल्म बन गई है. फिल्म ने नेशनल सिनेमा चेन में दूसरे सबसे ज्यादा टिकट बिक्री का रिकॉर्ड भी बनाया है. पेड प्रीव्यू के लिए लाखों टिकट बिक चुके हैं और ब्लॉक बुकिंग भी भारी रही है. यह सब 'A' सर्टिफिकेट होने के बावजूद हुआ है, जो फिल्म की इंटेंस एक्शन और स्टोरी की ताकत दिखाता है.

ट्रेलर रिलीज के साथ बुकिंग में तेजी

पहली फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था और अब सीक्वल उस सफलता को आगे बढ़ा रहा है. ट्रेलर रिलीज के साथ बुकिंग में तेजी आई और फैंस 6 AM शोज तक मांग कर रहे हैं. रणवीर सिंह की यह वापसी फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ा धमाका साबित हो रही है. रिलीज डेट गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद के साथ आने से त्योहारी माहौल में और भी मजा आएगा.

फिल्म के ट्रेलर और पोस्टर्स से साफ है कि यह एक्शन, रिवेंज और स्पाई थ्रिलर का परफेक्ट मिक्स है. फैंस पहले ही इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म मान रहे हैं. रिलीज से पहले इतने रिकॉर्ड तोड़ना बताता है कि थिएटर्स में 'धुरंधर 2' तूफान लाएगी. बॉक्स ऑफिस पर इसका ओपनिंग वीकेंड ऐतिहासिक होने वाला है.