नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' इन दिनों काफी चर्चा में है. तेलुगु फिल्म निर्माता नाग अश्विन इन दिनों 'कल्कि 2898 एडी' की शूटिंग कर रहे हैं. इस फिल्म में प्रभास के अलावा, अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और कमल हासन मुख्य रोल में नजर आ रहे हैं. हाल ही में नाग अश्विन को एक कार्यक्रम में देखा गया था जिसमें वह फिल्म की टाइमलाइन के बारे में बात करते नजर आए.
फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' की बात करते हुए नाग अश्विन ने बताया कि फिल्म की शुरुआत महाभारत काल से होती है. नाग अश्विन बोले- 'हमारी फिल्म महाभारत से शुरू होती है और 2898 में खत्म होती है. इसलिए इस फिल्म का नाम भी 'कल्कि 2898 एडी' रखा गया.
इसे 'कल्कि 2898 ईस्वी' भी कहा जाता है. उन्होंने बताया कि अगर हम 2898 ईस्वी से 6000 वर्ष पीछे जाएं तो हम 3102 ईसा पूर्व पहुंचेंगे, जो कि कृष्ण का अंतिम अवतार माना जाता है.'
'कल्कि 2898 एडी' एक साइंस फिक्शन फिल्म है, जो हिंदू पौराणिक कथाओं पर बेस्ड है. फिल्म को नाग अश्विन द्वारा लिखा और बनाया गया है. फिल्म की बात करें तो यह 9 मई 2024 को रिलीज होने वाली है जिसको लेकर फैंस काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं.
आपको बता दें कि इस फिल्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का भी इस्तेमाल किया गया है. ऐसे में नाग अश्विन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बारे में बताया कि इसका प्रभाव कितनी तेजी से हमारे समाज में पड़ रहा है.