बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चा में हैं. नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही इस क्राइम थ्रिलर में करीना एक पुलिस अफसर की भूमिका निभाती नजर आएंगी. फिल्म में उनके साथ मलयालम सिनेमा के चर्चित अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदार में हैं. अब मेकर्स ने करीना के किरदार DCP अजूनी कोहली का नया पोस्टर जारी किया है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है.
‘दायरा’ के नए कैरेक्टर पोस्टर में करीना कपूर बेहद गंभीर और आत्मविश्वास से भरे अंदाज में दिखाई दे रही हैं. उनका लुक किसी ग्लैमरस फिल्मी किरदार जैसा नहीं, बल्कि एक अनुभवी और सख्त पुलिस अधिकारी की छवि पेश करता है. पोस्टर में करीना की नजरें काफी तेज दिखाई देती हैं. बैकग्राउंड में पुलिस की गाड़ियां भी नजर आ रही हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार किसी अहम और संवेदनशील जांच का हिस्सा होगा.
पोस्टर की पूरी टोन तनावपूर्ण है, लेकिन करीना के चेहरे पर एक अलग तरह की शांति दिखाई देती है. यही वजह है कि उनका लुक तूफान से पहले की शांति जैसा महसूस होता है. करीना ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए अपने किरदार को लेकर लिखा कि DCP अजूनी कानून को अच्छी तरह जानती हैं और उस पर कायम रहती हैं. इस एक लाइन ने भी उनके किरदार के स्वभाव को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है.
करीना कपूर ने अपने करियर में कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. ‘चमेली’, ‘ओमकारा’, ‘उड़ता पंजाब’, ‘जाने जान’ और ‘द बकिंघम मर्डर्स’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों और समीक्षकों ने पसंद किया है.
‘दायरा’ में भी वह एक गंभीर और मजबूत भूमिका में नजर आने वाली हैं. DCP अजूनी कोहली का किरदार उनकी पिछली कई कमर्शियल और ग्लैमरस भूमिकाओं से काफी अलग बताया जा रहा है. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक उनके किरदार की पूरी कहानी सामने नहीं रखी है.