Chunky Panday Birthday: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता चंकी पांडे ने अपनी कॉमेडी और शानदार एक्टिंग से इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है. उन्होंने तेजाब, आंखें और हाउसफुल जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि चंकी पांडे को उनकी पहली फिल्म का ऑफर एक बेहद मजेदार घटना के बाद मिला था? यह किस्सा उस समय का है जब चंकी पांडे फिल्मों में काम पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे. एक दिन वह एक फाइव स्टार होटल में शादी की पार्टी में पहुंचे थे.
उन्होंने उस दिन चूड़ीदार पायजामा पहना हुआ था. पार्टी के दौरान ज्यादा ड्रिंक करने के बाद जब चंकी वॉशरूम गए, तो उनके पायजामे का नाड़ा बुरी तरह उलझ गया. काफी कोशिश करने के बावजूद वह उसे खोल नहीं पाए. परेशान होकर वह मदद के लिए आवाज लगाने लगे. इसी दौरान मशहूर फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी वहां पहुंचे. उन्होंने चंकी की मदद की और उनका नाड़ा खोल दिया.
इसके बाद पहलाज निहलानी ने चंकी से पूछा कि वह क्या करते हैं. चंकी ने बताया कि वह मॉडल हैं और फिल्मों में काम की तलाश कर रहे हैं. यह सुनकर पहलाज निहलानी ने उन्हें अगले दिन अपने ऑफिस बुलाया. वहां पहुंचने के बाद उन्होंने चंकी को 1987 की फिल्म ‘आग ही आग’ में काम करने का मौका दिया. इस तरह एक मजेदार घटना उनके फिल्मी करियर की शुरुआत का कारण बन गई. इसके बाद चंकी ने ‘पाप की दुनिया’ और ‘तेजाब’ जैसी फिल्मों में काम किया. ‘तेजाब’ में बब्बन के किरदार ने उन्हें काफी लोकप्रिय बना दिया.
90 के दशक में जब बॉलीवुड में चंकी को कम काम मिलने लगा, तो उन्होंने बांग्लादेशी सिनेमा का रुख किया. वहां उन्होंने कई वर्षों तक काम किया और एक लोकप्रिय अभिनेता बने. बाद में पत्नी भावना के कहने पर उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की. इसके बाद उन्होंने कॉमेडी के साथ-साथ नेगेटिव किरदार भी निभाए. ‘हाउसफुल’ सीरीज का ‘आखिरी पास्ता’ किरदार काफी लोकप्रिय हुआ. इसके अलावा ‘साहो’ और ‘बेगम जान’ जैसी फिल्मों में उनके अलग अंदाज के किरदारों को भी दर्शकों ने पसंद किया.