मुंबई: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक नई वेब सीरीज ने सबका ध्यान खींच लिया है. जियोहॉटस्टार की अपकमिंग हॉटस्टार स्पेशल्स 'चिरैया' का ट्रेलर हाल ही में जारी हुआ है, जिसमें दिव्या दत्ता और संजय मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकारों की जबरदस्त एक्टिंग देखने को मिल रही है. यह छह एपिसोड वाली सीरीज 20 मार्च 2026 को जियोहॉटस्टार पर प्रीमियर होने वाली है.
ट्रेलर देखकर साफ लगता है कि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज के एक गंभीर मुद्दे पर गहरी बात करने वाली कहानी है. ट्रेलर करीब 1 मिनट 43 सेकंड का है, जो एक आदर्श परिवार की कहानी से शुरू होता है. लेकिन जल्द ही उसमें छिपी सच्चाई सामने आती है. कहानी की मुख्य किरदार कमलेश (दिव्या दत्ता) एक परफेक्ट बहू और परिवार की जिम्मेदार सदस्य हैं. सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन जब उनकी देवरानी पूजा (जो उनके भाई की पत्नी है) अपनी परेशानी बताती है, तो कमलेश का पूरा नजरिया बदल जाता है.
पूजा को अपने पति से जबरदस्ती और घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा है. पति खुद को पत्नी पर पूरा हक समझता है और सहमति को नजरअंदाज करता है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कमलेश अपनी भाभी का साथ देती हैं और इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती हैं. लेकिन परिवार में यह फैसला आसान नहीं होता. उनका पति (संजय मिश्रा) इस मामले में उनका साथ नहीं देते, क्योंकि वे परिवार की इज्जत और परंपराओं को बचाना चाहते हैं. धीरे-धीरे मामला अदालत तक पहुंच जाता है, जहां सहमति, शादी और अधिकार जैसे सवालों पर बहस होती है.
ट्रेलर की टैगलाइन 'शादी लाइसेंस नहीं है' बहुत प्रभावशाली है, जो सीधे सवाल करता है कि क्या शादी के बाद पति को पत्नी पर जबरदस्ती करने का हक मिल जाता है? दिव्या दत्ता ने इस सीरीज में कमलेश के किरदार को बहुत संजीदगी से निभाया है. वे परिवार की वफादारी और नैतिक साहस के बीच फंसी हुई महिला की जद्दोजहद को बखूबी दिखाती हैं. संजय मिश्रा भी अपने रोल में कमाल कर रहे हैं, जहां वे एक ऐसे पति का किरदार निभा रहे हैं जो परंपराओं से बंधा हुआ है, लेकिन सच का सामना करने से घबराता है. अन्य कलाकारों में सिद्धार्थ शॉ, प्रसन्ना बिष्ट, फैसल राशिद, टीनू आनंद और सरिता जोशी जैसे नाम शामिल हैं, जो कहानी को और मजबूत बनाते हैं.
शशांत शाह द्वारा निर्देशित और एसवीएफ एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई यह सीरीज भारतीय समाज में छिपे हुए घरेलू हिंसा और वैवाहिक सहमति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर रोशनी डालती है. कई बार लोग इसे 'घर की बात' मानकर चुप रह जाते हैं, लेकिन 'चिरैया' इस चुप्पी को तोड़ने की कोशिश करती है. ट्रेलर में भावनात्मक गहराई, तनाव और साहस का मिश्रण है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है. 20 मार्च को रिलीज होने वाली इस सीरीज से उम्मीद है कि यह सिर्फ व्यूज नहीं, बल्कि समाज में जरूरी बातचीत भी शुरू करेगी.