नाना पाटेकर के निधन के बाद उनकी तारीफ करने वालों को लेकर सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सिंगर सोना महापात्रा के उस पोस्ट का समर्थन किया, जिसमें एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने फिल्म के सेट पर कथित यौन दुर्व्यवहार देखने का दावा किया था. चिन्मयी ने कहा कि नाना पाटेकर के व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोपों को सिर्फ इसलिए नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि अब अभिनेता इस दुनिया में नहीं हैं.
नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर की सुबह गोवा में 75 साल की उम्र में निधन हुआ था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई. उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसी बीच अभिनेत्री तनुश्री दत्ता की पुरानी विवादित घटना को लेकर प्रतिक्रिया भी सामने आई, जिसके बाद इस मामले ने एक बार फिर चर्चा पकड़ ली.
Those who are constantly singing praises of Nana Patekar need to acknowledge he had molested and it was NOT a one time behavior.
— Chinmayi Sripaada (@Chinmayi) October 10, 2026
सोना महापात्रा ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने कथित तौर पर फिल्म के सेट पर नाना पाटेकर की मौजूदगी में यौन दुर्व्यवहार देखने का दावा किया था. पोस्ट में कहा गया कि यह घटना फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' से जुड़ी नहीं थी, बल्कि दो अन्य फिल्मों के सेट पर हुई थी. असिस्टेंट डायरेक्टर के अनुसार, कथित व्यवहार को अभिनय के दौरान होने वाली हरकत के पीछे छिपा दिया गया था, इसलिए उस समय कोई खुलकर कुछ नहीं कह सका.
सोना महापात्रा ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि एक AD ने सेट पर कथित यौन दुर्व्यवहार देखने की बात बताई है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कितने गवाहों की बात मानने के लिए लोग तैयार होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की प्रतिभा उसे निर्दोष साबित नहीं करती और मौत किसी को संत नहीं बना देती.
इसी पोस्ट को चिन्मयी श्रीपदा ने भी शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'जो लोग लगातार नाना पाटेकर की तारीफ कर रहे हैं, उन्हें यह स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने यौन शोषण किया था और यह एक बार का व्यवहार नहीं था.' चिन्मयी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर नाना पाटेकर से जुड़े पुराने आरोपों और मी टू आंदोलन के दौरान सामने आए विवाद पर चर्चा शुरू हो गई.
दरअसल अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने 2009 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के सेट पर नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. यह मामला 2018 में मी टू आंदोलन के दौरान फिर सार्वजनिक चर्चा में आया. नाना पाटेकर ने आरोपों से इनकार किया था. 2019 में पुलिस ने पर्याप्त सबूत नहीं मिलने की बात कहते हुए मामले को बंद कर दिया था. इसके बाद 2025 में मुंबई की अंधेरी मजिस्ट्रेट अदालत ने कानूनी समय सीमा के बाद शिकायत दर्ज किए जाने के आधार पर नाना पाटेकर के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही को खारिज कर दिया था.
नाना पाटेकर के निधन के बाद तनुश्री दत्ता ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि वह लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम के लिए जा रही थीं और बाद में अपनी प्रतिक्रिया देंगी. उन्होंने नाना के परिवार के प्रति संवेदना भी जताई थी. इस पूरे घटनाक्रम के बीच चिन्मयी और सोना महापात्रा की टिप्पणियों ने अभिनेता से जुड़े पुराने आरोपों को फिर से बहस के केंद्र में ला दिया है.