menu-icon
India Daily

'क्या हर बेटी सच में सुरक्षित है?', नवरात्रि में राजपाल यादव ने महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

नवरात्रि के दौरान राजपाल यादव ने महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई. तीन बेटियों के पिता अभिनेता ने समाज से कन्या पूजन के साथ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की अपील की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'क्या हर बेटी सच में सुरक्षित है?', नवरात्रि में राजपाल यादव ने महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
Courtesy: X

नवरात्रि के पावन अवसर पर अभिनेता राजपाल यादव ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने सवाल किया कि जिस समाज में नौ दिनों तक नारी शक्ति की पूजा होती है और कन्याओं को देवी का स्वरूप माना जाता है, क्या वहां महिलाओं को रोजमर्रा की जिंदगी में भी उतना ही सम्मान और सुरक्षा मिलती है?

इंस्टाग्राम पर साझा किया भावुक संदेश

राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया. इसमें उन्होंने अष्टमी और नवमी के अवसर पर कन्या पूजन की परंपरा का जिक्र करते हुए महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और उनकी सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए.

उन्होंने लिखा कि नवरात्रि के नौ दिनों में हम नारी शक्ति की पूजा करते हैं और छोटी बच्चियों को देवी मानकर उनका आशीर्वाद लेते हैं. लेकिन जब महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह सवाल उठता है कि क्या हर बेटी वास्तव में सुरक्षित है?

तीन बेटियों के पिता होने के नाते जताई चिंता

अभिनेता ने कहा कि तीन बेटियों के पिता होने के कारण यह सवाल उन्हें और गहराई से प्रभावित करता है. हर पिता चाहता है कि उसकी बेटी बिना किसी डर के अपने सपनों को पूरा करे, अपनी शर्तों पर जिंदगी जिए और उसे हर जगह सम्मान मिले.

राजपाल यादव ने कहा कि देवी की पूजा तभी सार्थक है, जब महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को भी उतनी ही अहमियत दी जाए. उनके मुताबिक, नारी शक्ति को केवल मंदिरों में नहीं, बल्कि हर महिला के अधिकारों और सम्मान में पहचानना जरूरी है.

नवरात्रि पर लोगों से की खास अपील

राजपाल यादव ने लोगों से अपील की कि नवरात्रि को केवल देवी की प्रतीकात्मक पूजा तक सीमित न रखें. उन्होंने कहा कि बेटियों को निडर होकर जीने की सीख देने के साथ उन्हें ऐसा सुरक्षित माहौल भी देना चाहिए, जहां उन्हें हर दिन अपनी सुरक्षा के लिए संघर्ष न करना पड़े.

उन्होंने कन्या पूजन को लड़कियों और महिलाओं के सम्मान, अधिकारों तथा सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी याद करने का अवसर बताया. अभिनेता का यह संदेश त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल उठाता है.