बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर की मौत की वजह अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गई है. 75 साल की उम्र में अभिनेता ने गुरुवार सुबह गोवा स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली थी. शुरुआती तौर पर उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई थी. अब गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को उनकी मौत का कारण बताया गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार नाना पाटेकर को हार्ट अटैक बाईं मुख्य कोरोनरी आर्टरी में खून का थक्का जमने की वजह से आया था. यह धमनी हृदय के एक बड़े हिस्से तक रक्त पहुंचाती है. रिपोर्ट में मौत का कारण "एक्यूट मायोकार्डियल इन्फार्क्शन" बताया गया है, जो एथेरोस्क्लेरोटिक ऑक्लूसिव कोरोनरी आर्टरी डिजीज के कारण बाईं मुख्य कोरोनरी आर्टरी में थ्रोम्बोसिस से हुआ. डॉक्टरों ने इसे प्राकृतिक कारणों से हुई मौत बताया है.
नाना पाटेकर की तबीयत बिगड़ने पर उनके केयरटेकर ने अस्पताल से एंबुलेंस मांगी थी. इसके बाद अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उनके अपार्टमेंट भेजी गई. यह जगह अस्पताल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर थी. अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की और करीब 45 मिनट तक CPR दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने सुबह 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें मृत घोषित किया था.
अभिनेता के निधन के बाद उनके बेटे मल्हार गोवा पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर को पुणे ले जाया गया. इसके बाद पार्थिव शरीर को डोंजे गांव स्थित उनके फार्महाउस ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम संस्कार में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और मुरलीधर मोहोल, लोकसभा सांसद सुनील तटकरे, अभिनेता मकरंद अनासपुरे, जैकी श्रॉफ समेत राजनीति, बॉलीवुड, खेल और अन्य क्षेत्रों की कई हस्तियां शामिल हुईं.
नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में चार दशक से ज्यादा लंबा करियर बनाया. अभिनय के साथ उन्होंने लेखन और निर्देशन में भी काम किया. सिनेमा और कला में योगदान के लिए उन्हें 2013 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. उन्होंने 1978 में मुजफ्फर अली की फिल्म 'गमन' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने 'प्रहार: द फाइनल अटैक' से निर्देशन की शुरुआत की और फिल्म में सेना अधिकारी की भूमिका भी निभाई.
नाना पाटेकर आखिरी बार 2026 में रिलीज हुई फिल्म 'सुबेदार' में नजर आए थे. यह फिल्म प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी और इसमें अनिल कपूर और राधिका मदान मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म में नाना पाटेकर ने सरप्राइज कैमियो किया था. उनकी मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि अभिनेता की जान कोरोनरी आर्टरी में ब्लड क्लॉट के कारण हुए गंभीर हार्ट अटैक से गई.