मुंबई: मशहूर एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे ने बुधवार को अपनी हेल्थ अपडेट शेयर कर फैंस को चौंका दिया. 'सेक्रेड गेम्स' में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी जाने वाली राजश्री ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्हें ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर (इनफिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा - NOS) का पता चला है. लेकिन अच्छी खबर ये है कि इसे बहुत जल्दी पकड़ लिया गया और सर्जरी के बाद वे अब रिकवरी में हैं. जल्द ही अस्पताल से घर लौटने वाली हैं.
राजश्री ने अस्पताल के बेड पर अपनी फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा- 'जैसे ही आप ये पढ़ रहे हैं, इसका मतलब है कि मैंने आखिरकार अपने माता-पिता को ये बताने की हिम्मत जुटाई है कि मुझे इनफिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (NOS) नामक ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. अब समय आ गया है कि आप सबको भी पता चले.'
उन्होंने आगे लिखा- 'हमने इसे रूटीन चेकअप में बहुत शुरुआती स्टेज में पकड़ लिया, जिससे लड़ने का अच्छा मौका मिला. ढेर सारे टेस्ट और सर्जरी एक रोलरकोस्टर राइड जैसा लगा, लेकिन सबका प्यार और गर्मजोशी ने मुझे संभाला. सर्जरी के बाद मां-बाप के चेहरे देखकर मेरे डर पिघल गए और अटूट ताकत मिली. सबके सपोर्ट से अब मुझे लगता है कि मैं दुनिया से लड़ने को तैयार हूं. मैं सुंदर तरीके से रिकवर कर रही हूं और जल्द ही अस्पताल से घर जा रही हूं.'
राजश्री की यह खुली बात कई लोगों के लिए प्रेरणा है. उन्होंने बताया कि शुरुआती डिटेक्शन कितना महत्वपूर्ण है. कैंसर जैसी बीमारी में परिवार और दोस्तों का साथ कितना बड़ा रोल निभाता है, ये उनकी पोस्ट से साफ दिखता है. फैंस और इंडस्ट्री के लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और जल्दी ठीक होने की दुआएं दे रहे हैं. काम की बात करें तो राजश्री ने हाल ही में प्राइम वीडियो की सीरीज रंगीन में विनीत कुमार सिंह और तारुक रैना के साथ काम किया था, जो 2025 में रिलीज हुई. उसी साल वे ब्लैक वारंट में भी नजर आईं.
इसके अलावा कमल हासन और मणि रत्नम की फिल्म ठग लाइफ में भी उनकी भूमिका रही. 'सेक्रेड गेम्स', 'मंटो' और 'एंग्री इंडियन गॉडेस' जैसी प्रोजेक्ट्स से उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली. उनकी हिम्मत और पॉजिटिव एटीट्यूड से कई लोग मजबूत महसूस कर रहे हैं. फैंस अब उनकी पूरी रिकवरी की कामना कर रहे हैं और उम्मीद है कि वे जल्द ही स्क्रीन पर वापस आएंगी.