menu-icon
India Daily

'नहीं मिलेगा कंबल...', पूर्व BJP सांसद ने मुस्लिम महिलाओं से नाम पूछकर वापस लिया, वीडियो शेयर कर सचिल पायलट ने क्या कहा?

राजस्थान के टोंक में भाजपा नेता सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने तीन मुस्लिम महिलाओं को कंबल देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मोदी को गाली देने वालों का कंबल पर कोई हक नहीं. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे विवाद छिड़ गया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'नहीं मिलेगा कंबल...', पूर्व BJP सांसद ने मुस्लिम महिलाओं से नाम पूछकर वापस लिया, वीडियो शेयर कर सचिल पायलट ने क्या कहा?
Courtesy: @SachinPilot

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में करड़ इलाके में जरूरतमंदों को कंबल बांटने के कार्यक्रम में एक भाजपा नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने तीन मुस्लिम महिलाओं को कंबल देने से मना कर दिया. उन्होंने पूछा कि क्या वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देती हैं.

महिलाओं के नाम सुनकर उन्होंने कंबल वापस ले लिए और उन्हें वहां से जाने को कहा. महिलाओं का कहना है कि नाम सुनते ही नेता नाराज हो गए. इस घटना ने स्थानीय लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया है. कांग्रेस ने इसे शर्मनाक बताया. जौनापुरिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. यह मामला धार्मिक भेदभाव की बहस छेड़ रहा है.

वीडियो में क्या दिखा

सोशल मीडिया पर सोमवार सुबह वायरल हुए वीडियो में जौनापुरिया एक मुस्लिम महिला सुकारन खान से नाम पूछते हैं. नाम सुनकर वे कहते हैं कि मोदी को गाली देने वालों को कंबल नहीं मिलेगा. फिर वे दो अन्य महिलाओं रजिया और जुबैदा से नाम पूछते हैं और उन्हें भी कंबल देने से मना कर देते हैं. महिलाओं को वहां से हटने को कहते हैं.

महिलाओं की आपबीती

सुकारन खान ने मीडिया से कहा कि नेता सबको कंबल दे रहे थे. अचानक उन्होंने स्टाफ से नाम पूछवाया. हमने बताया तो मुस्लिम नाम सुनकर नाराज हो गए और कंबल छीन लिए. वे कहती हैं कि यह अपमानजनक था. अन्य महिलाओं ने भी यही कहा कि धार्मिक पहचान के आधार पर भेदभाव हुआ.

यहां देखें वीडियो

स्थानीय लोगों का विरोध

एक अन्य वीडियो में कुछ लोग जौनापुरिया के रवैये पर भड़कते दिखते हैं. एक व्यक्ति कहता है कि बुजुर्ग महिलाओं को कंबल न देकर शर्म की बात की. जौनापुरिया जवाब देते हैं कि दुख लगने से फर्क नहीं पड़ता. वे कहते हैं कि ये महिलाएं कंबल लेकर हमारा मजाक उड़ाएंगी. यह सरकारी योजना नहीं, निजी इंतजाम है.

विपक्ष की प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता टीकाराम जुली ने घटना को शर्मनाक करार दिया है. उन्होंने कहा कि जौनापुरिया ने मुस्लिम महिलाओं का अपमान किया है. पहले कंबल दिए फिर वापस ले लिए. जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो उन्हें भी डांटा. एक पूर्व सांसद का ऐसा व्यवहार लोकसेवक की गरिमा के खिलाफ है.

कांग्रेस नेता सचिन पायलट साधा निशाना

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने एक्स पर वीडियो शेयर कर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इनकी सोच में करुणा की जगह नफरत हावी है. एक गरीब मुस्लिम महिला को कंबल देने से रोकना और अपमानित करना बेहद निंदनीय है. धर्म-जाति के आधार पर भेदभाव नैतिक रूप से गलत होने के साथ संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन भी है. पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया से बेहतर मानवीय संवेदना की उम्मीद थी.