menu-icon
India Daily

इस महीने सिनेमाघरों में होगा धमाका, Awarapan 2 से लेकर Toxic तक, आएंगी ये बड़ी फिल्में

जून और जुलाई में बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी सुस्ती के बाद अब अगस्त में हर हफ्ते नई फिल्में रिलीज होने वाली हैं. हिंदी, तमिल, तेलुगु और हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्में 7 से 28 अगस्त के बीच पर्दे पर दस्तक देंगी.

antima
Edited By: Antima Pal
इस महीने सिनेमाघरों में होगा धमाका, Awarapan 2 से लेकर Toxic तक, आएंगी ये बड़ी फिल्में
Courtesy: X

August 2026 Movie Releases: अगस्त 2026 में सिनेमाघरों में फिल्मों का तूफान आने वाला है. जून और जुलाई में बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी सुस्ती के बाद अब अगस्त में हर हफ्ते नई फिल्में रिलीज होने वाली हैं. हिंदी, तमिल, तेलुगु और हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्में 7 से 28 अगस्त के बीच पर्दे पर दस्तक देंगी. एक्शन, रोमांस, हॉरर और जीवनी पर आधारित कहानियां दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार हैं.

इस महीने सिनेमाघरों में होगा धमाका

7 अगस्त को रिलीज हो रही है पंकज त्रिपाठी की फिल्म 'ओह माय डॉग.' यह एडवेंचर ड्रामा इंसान और कुत्तों के बीच के रिश्ते पर आधारित है. फिल्म में वफादारी, प्यार और संघर्ष की कहानी दिखाई गई है. पंकज त्रिपाठी के साथ पवन मल्होत्रा और माही राय भी नजर आएंगे.

आएंगी ये बड़ी फिल्में

14 अगस्त को दो बड़ी हिंदी फिल्में एक साथ आ रही हैं. पहली है 'आवारापन 2.' 19 साल बाद इमरान हाशमी शिवम के किरदार में वापस लौटे हैं. यह एक्शन रोमांस फिल्म अपराध की दुनिया में रिडेम्पशन, प्यार और बलिदान की कहानी बताती है. दिशां पटानी, सलील आचार्य और शबाना आजमी भी इसमें शामिल हैं.

भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी 'बंटवारा 1947'

उसी दिन रिलीज हो रही है 'बंटवारा 1947.' यह फिल्म भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी है. इसमें एक परिवार की जिंदगी कैसे हमेशा के लिए बदल गई, यह दिखाया गया है. सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह पीरियड एक्शन ड्रामा महीने की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक है.

21 अगस्त को रिलीज हो रही 'द पैराडाइज'

14 अगस्त को ही डेविड रॉबर्ट मिशेल की 'द एंड ऑफ ओक स्ट्रीट' भी आएगी. वॉर्नर ब्रदर्स द्वारा वितरित यह मिस्ट्री थ्रिलर भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में थिएटर और आईमैक्स पर रिलीज होगी. 21 अगस्त को नानी की अपकमिंग फिल्म 'द पैराडाइज' रिलीज हो रही है. 1980 के दशक में सेट यह एक्शन थ्रिलर आदिवासी भेदभाव और पहचान व नागरिकता की लड़ाई पर आधारित है. सोनाली कुलकर्णी और मोहन बाबू भी इसमें हैं.

26 अगस्त को यश की 'टॉक्सिक' आ रही है. केजीएफ की सफलता के बाद यश गोवा की अंडरवर्ल्ड में रया के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म बताती है कि सत्ता पाने की कीमत कितनी भारी होती है. कियारा अडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा और हुमा कुरैशी भी कास्ट में शामिल हैं. इसके अलावा मराठी तमाशा और लावणी की महान कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित फिल्म 'ईथा' भी इस महीने पर्दे पर आएगी. कुल मिलाकर अगस्त में सिनेमा प्रेमियों के लिए कई विकल्प मौजूद हैं.