menu-icon
India Daily

'अल्कोहल, पानी और चीनी की गोलियां होती हैं', होम्योपैथी को लेकर अनुष्का शर्मा की पोस्ट पर 'द लिवर डॉक' का बड़ा हमला

अनुष्का शर्मा की होम्योपैथी पर की गई पोस्ट ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. जहां समर्थकों और कुछ डॉक्टरों ने इसका बचाव किया वहीं 'द लिवर डॉक' से मशहूर लिवर विशेषज्ञ ने इसे बिना सबूत का बताकर खारिज कर दिया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'अल्कोहल, पानी और चीनी की गोलियां होती हैं', होम्योपैथी को लेकर अनुष्का शर्मा की पोस्ट पर 'द लिवर डॉक' का बड़ा हमला
Courtesy: social media

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा पोस्ट कर दिया है जिसने इंटरनेट पर बहस का एक नया तूफान खड़ा कर दिया है. मामला सेहत और इलाज से जुड़ा है. इसलिए इस पर आम जनता से लेकर बड़े-बड़े डॉक्टर भी आपस में भिड़ गए हैं.

दरअसल अनुष्का ने होम्योपैथी को लेकर अपना एक पर्सनल एक्सपीरियंस शेयर किया था जिसके बाद अल्टरनेटिव मेडिसिन को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है. कुछ लोग उनके इस कदम का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं मेडिकल कम्युनिटी का एक बड़ा हिस्सा इसकी तीखी आलोचना कर रहा है.

अनुष्का ने शेयर किया था अपना अनुभव

अनुष्का शर्मा ने मशहूर होम्योपैथिक डॉक्टर राजन संकरण और बिजनेसमैन नमिता थापर की बातचीत का एक वीडियो शेयर किया था. इस पोस्ट में अनुष्का ने लिखा कि होम्योपैथी ने उनकी जिंदगी में बहुत अहम भूमिका निभाई है और वे सेहत को लेकर डॉक्टर संकरण के विचारों का काफी सम्मान करती हैं. वीडियो में डॉक्टर संकरण ने कहा था कि सभी चिकित्सा पद्धतियों को आपस में लड़ने के बजाय मिलकर काम करना चाहिए क्योंकि होम्योपैथी बीमारी के बजाय इंसान के पूरे शरीर का इलाज करने पर भरोसा रखती है.

होम्योपैथी डॉक्टरों ने किया स्वागत

अनुष्का की इस पोस्ट का कई होम्योपैथी डॉक्टरों ने स्वागत किया. 'भूमिका' नाम की एक डॉक्टर ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि इंटरनेट पर अक्सर उनके प्रोफेशन का मजाक उड़ाया जाता है लेकिन मरीजों का भरोसा देखकर वे अपना काम पूरी ईमानदारी से करती रहती हैं. उनका मानना था कि अगर किसी एक डॉक्टर के इलाज से फायदा नहीं हुआ तो पूरे मेडिकल सिस्टम को गलत ठहराना ठीक नहीं है.

लिवर विशेषज्ञ भड़के

दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर 'द लिवर डॉक' के नाम से मशहूर हेपेटोलॉजिस्ट यानी लिवर विशेषज्ञ डॉ. साइिएक एबी फिलिप्स इस पोस्ट को देखकर भड़क गए. उन्होंने होम्योपैथी को पूरी तरह से 'धोखाधड़ी' करार दिया है. उनका कहना है कि होम्योपैथिक दवाइयों में कोई एक्टिव मेडिकल तत्व नहीं होते, ये सिर्फ पानी, अल्कोहल और चीनी की गोलियां होती हैं जिनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. 

उन्होंने कहा कि अक्सर बीमारियां समय के साथ खुद ठीक हो जाती हैं लेकिन लोग इसका क्रेडिट होम्योपैथी को दे देते हैं. उन्होंने ब्रिटेन, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का हवाला भी दिया जहां सबूत न मिलने के कारण इन इलाजों को मिलने वाली सरकारी मदद बंद कर दी गई है. भारत में इसे आयुष मंत्रालय के तहत मान्यता तो मिली हुई है लेकिन साइंस और आस्था की यह जंग सालों पुरानी है जो अनुष्का की पोस्ट से एक बार फिर गरमा गई है.