मुंबई: टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल जैस्मिन भसीन और अली गोनी अक्सर अपनी केमिस्ट्री को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. दोनों कई सालों से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब लिव इन में भी रह रहे हैं. फैंस लंबे समय से उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं. हर इंटरव्यू और हर इवेंट में उनसे एक ही सवाल पूछा जाता है कि आखिर शादी कब होगी. आज अली गोनी के जन्मदिन पर आइए उस किस्से को जानते हैं जब एक्टर के दोस्त ने शादी के बारे में जानकारी दी थी.
हाल ही में उनके घर एक खास मेहमान पहुंचे, जिसके बाद शादी की चर्चा ने फिर जोर पकड़ लिया. यह मेहमान थे टीवी एक्टर अभिषेक कुमार. जैसे ही अभिषेक उनकी सोसाइटी में पहुंचे, उन्होंने मस्ती भरे अंदाज में कहा कि लिफ्ट बहुत छोटी है. इस दौरान Aly Goni व्लॉग बनाते नजर आए और माहौल काफी हल्का फुल्का रहा.
घर पहुंचते ही अभिषेक एक तोहफा लेकर आए. उन्होंने मजाक में कहा कि यह बहुत मेहनत का काम है और जैस्मिन भाभी ने हमारी तारीफ की है. तभी जैस्मीन भसीन ने तुरंत टोका कि भाभी क्यों बोल रहे हो. इस पर अभिषेक ने हंसते हुए जवाब दिया कि इस साल शादी हो जाएगी तो अब तो भाभी ही हो जाओगी.
जैसे ही अभिषेक ने इस साल शादी होने की बात कही, जैस्मिन और अली दोनों हंस पड़े. उन्होंने सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन उनकी हंसी ने फैंस की उम्मीदों को जरूर बढ़ा दिया. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस तरह तरह के कयास लगा रहे हैं.
जैस्मिन और अली की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों की दोस्ती एक रियलिटी शो के दौरान और मजबूत हुई थी और तभी से दोनों एक दूसरे के साथ हैं. कई बार ब्रेकअप की अफवाहें भी उड़ीं, लेकिन हर बार दोनों ने अपने रिश्ते को और मजबूत साबित किया. दोनों अक्सर एक दूसरे के परिवार के साथ समय बिताते नजर आते हैं. त्योहार हो या खास मौका, यह कपल साथ दिखाई देता है. यही वजह है कि फैंस उन्हें टीवी का पावर कपल मानते हैं.
शादी को लेकर दोनों ने अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि कई इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि जब भी शादी करेंगे, फैंस को जरूर बताएंगे. फिलहाल दोनों अपने करियर पर फोकस कर रहे हैं और साथ में खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं.