menu-icon
India Daily

कहां गायब हो गईं 'मेड इन इंडिया' की आवाज अलीशा चिनॉय? 90s में अपनी धांसू आवाज से मचाया था तहलका

मेड इन इंडिया गाने से मशहूर हुईं अलीशा चिनॉय कभी 90s की पॉप क्वीन थीं. आज वह लाइमलाइट से दूर हैं लेकिन सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं. एक्ट्रेस के जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनकी जन्मदिन पर कुछ दिलचस्प किस्से.

babli
Edited By: Babli Rautela
कहां गायब हो गईं 'मेड इन इंडिया' की आवाज अलीशा चिनॉय? 90s में अपनी धांसू आवाज से मचाया था तहलका
Courtesy: Social Media

मुंबई: 90 के दशक में भारतीय पॉप म्यूजिक की दुनिया में एक नाम ऐसा था जिसने हर किसी को अपनी आवाज का दीवाना बना दिया था. यह नाम है अलीशा चिनॉय. मेड इन इंडिया गाने से रातों रात सुपरस्टार बनीं अलीशा आज अपना 58वां जन्मदिन मना रही हैं, लेकिन अब वह पहले जैसी लाइमलाइट में नजर नहीं आतीं. अलीशा चिनॉय ने अपने करियर की शुरुआत साल 1985 में एल्बम जादू से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान मेड इन इंडिया गाने से मिली. यह गाना उस समय का सबसे बड़ा पॉप एंथम बन गया था.

इस गाने का म्यूजिक और वीडियो दोनों ही जबरदस्त हिट रहे हैं. वीडियो में मिलिंद सोमण नजर आए थे, जिसने इस गाने की लोकप्रियता को और बढ़ा दिया. आज भी यह गाना लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है.

90s की पॉप क्वीन बनीं अलीशा

मेड इन इंडिया की सफलता के बाद अलीशा चिनॉय ने कई हिट गाने दिए. उस दौर में वह इंडियन पॉप इंडस्ट्री की सबसे बड़ी आवाजों में से एक बन गई थीं. उनकी आवाज और स्टाइल दोनों ही युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर थे. अलीशा ने न सिर्फ एल्बम बल्कि फिल्मों के लिए भी कई यादगार गाने गाए.

अलीशा चिनॉय के करियर को ऊंचाई तक पहुंचाने में मशहूर संगीतकार बप्पी लाहिरी का बड़ा योगदान माना जाता है. उन्होंने अलीशा को इंडस्ट्री में पहचान दिलाने में उन्होंने बड़ा रोल निभाया है. दोनों ने साथ में कई गाने किए जो उस समय खूब पसंद किए गए. इसके अलावा अलीशा ने अनु मलिक के साथ भी काम किया और कई सुपरहिट गाने दिए. हालांकि बाद में अनु मलिक के साथ उनके रिश्तों में दूरी आ गई और दोनों ने साथ काम करना बंद कर दिया.

क्यों लाइमलाइट से दूर हो गईं सिंगर

समय के साथ म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी बदलाव आया. नए सिंगर्स और नए ट्रेंड्स के चलते पॉप म्यूजिक का दौर भी धीरे धीरे कम होने लगा. इसी बदलाव का असर अलीशा चिनॉय के करियर पर भी पड़ा. उन्होंने धीरे धीरे इंडस्ट्री से दूरी बना ली और नए प्रोजेक्ट्स में नजर आना कम कर दिया. आज अलीशा चिनॉय लंबे समय से किसी बड़े म्यूजिक प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनी हैं.

भले ही अलीशा चिनॉय अब फिल्मों या म्यूजिक एल्बम में ज्यादा नजर नहीं आतीं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. वह अपने फैंस के साथ पुरानी यादें, तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स हैं जो आज भी उन्हें उतना ही पसंद करते हैं.