फिल्म धुरंधर ने 2025 में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की है. लेकिन फिल्म की कहानी और एक्शन से ज्यादा चर्चा इसके कुछ ऐसे सीन की हो रही है, जो पूरी तरह प्लान का हिस्सा ही नहीं थे. खासतौर पर अक्षय खन्ना का FA9LA गाने में दिया गया डांस सीन, जिसने इंटरनेट पर तूफान ला दिया.
FA9LA गाने में अक्षय खन्ना की एंट्री को लेकर मेकर्स ने कुछ और ही सोचा था. कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने बताया कि अक्षय को सिर्फ डांसरों के बीच से चलते हुए सिंहासन तक जाना था. लेकिन शूटिंग से ठीक पहले अक्षय ने डायरेक्टर आदित्य धर से पूछा कि क्या वह डांस कर सकते हैं.
सेट पर मौजूद को स्टार दानिश पंडोर के मुताबिक आदित्य धर ने अक्षय से कहा कि जो तुम्हारा मन करे करो. इसके बाद जो हुआ, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. अक्षय खन्ना ने बिना किसी रिहर्सल के, बिना किसी तैयारी के, एक ही टेक में वह सीन किया जो आज 2025 का सबसे वायरल मूवी मोमेंट बन चुका है. इस सीन को और भी खास बनाता है इसके पीछे की सच्चाई. शूटिंग लद्दाख में हो रही थी, जहां अक्षय खन्ना हाई एल्टीट्यूड सिकनेस से जूझ रहे थे. हालत यह थी कि शॉट्स के बीच उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ रही थी. इसके बावजूद उन्होंने कैमरे के सामने ऐसी एनर्जी दिखाई कि हर कोई हैरान रह गया.
अक्षय खन्ना का यह अचानक किया गया डांस सिर्फ एक सीन नहीं रहा. यह धुरंधर की पहचान बन गया. सोशल मीडिया पर लोग रहमान डकैत के लुक की नकल करने लगे. हुक स्टेप्स ट्रेंड करने लगे और गाना इंटरनेशनल लेवल तक पहुंच गया.
फिल्म में एक और सरप्राइज गौरव गेरा का किरदार रहा. मोहम्मद आलम के रोल में उन्हें पहचान पाना तक मुश्किल हो गया. मेकअप आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह ने बिहाइंड द सीन वीडियो में दिखाया कि कैसे उनके चेहरे पर नैचुरल एजिंग, सफेद दाढ़ी और कैरेक्टर के मुताबिक हेयर स्टाइल तैयार किया गया. दर्शक उन्हें उनके पुराने कॉमिक रोल्स से जोड़ ही नहीं पाए.
धुरंधर की कास्टिंग भी अपने आप में एक लंबी प्रक्रिया रही. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने कलाकारों को चुनने में पूरे 18 महीने लगाए. फीमेल लीड के लिए 1300 लड़कियों का ऑडिशन लिया गया. आखिरकार न्यूकमर सारा अर्जुन को चुना गया, जिन्हें डायरेक्टर आदित्य धर ने शानदार और सबसे बेहतरीन बताया.