Paresh Rawal On OMG 2: वेटरन अभिनेता परेश रावल ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के अंदरूनी सच को सामने लाते हुए बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया है कि सुपरहिट फिल्म OMG 2 की मूल कहानी उनकी थी. फिल्म निर्माता अमित राय के साथ मिलकर उन्होंने इस प्रोजेक्ट को तैयार किया था, लेकिन बाद में जब फिल्म का रुख बदल गया तो उन्होंने खुद को इससे अलग कर लिया.
परेश रावल ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में बताया- 'ये फिल्म मूल रूप से OMG: Oh My God! की सीक्वल नहीं बननी थी. इसमें भगवान का किरदार भी नहीं था. ये पूरी तरह अलग कहानी थी.' उन्होंने कहा कि जब प्रोजेक्ट आगे बढ़ा तो इसे OMG 2 का नाम दे दिया गया, जिसकी वजह से दर्शक इसे पहली फिल्म का सीक्वल समझने लगे.
परेश रावल ने खुलासा किया कि उन्होंने बाइकर वाले मुख्य रोल के लिए सबसे पहले अजय देवगन और सलमान खान को सोचा था. अक्षय कुमार को जानबूझकर शुरुआत में अप्रोच नहीं किया गया, क्योंकि लोग इसे तुरंत OMG का दूसरा भाग समझ सकते थे. बाद में जब स्क्रिप्ट प्रोड्यूसर अश्विन वर्धे के जरिए अक्षय कुमार तक पहुंची, तब उन्होंने फिल्म जॉइन की.
परेश रावल ने बताया कि जब फिल्म का स्वरूप बदल गया तो उन्हें लगा कि ये वो फिल्म नहीं है जिसका उन्होंने सपना देखा था. उन्होंने अक्षय कुमार से साफ कहा- 'इसमें भगवान का रोल ही नहीं है. ये मेरी सोची हुई फिल्म नहीं है.' आखिरकार उन्होंने प्रोजेक्ट से अपना नाम वापस ले लिया.
सबसे ज्यादा निराशा परेश रावल को इस बात की हुई कि उनके ओरिजिनल आइडिया का कहीं भी जिक्र नहीं किया गया. उन्होंने कहा- 'मेरा नाम कहीं नहीं आया. कई लोग जानते थे कि ये आइडिया मेरा है - अक्षय कुमार, अमित राय, अश्विन वर्धे, अजय देवगन, करण जोहर और सलमान खान तक को इसकी जानकारी थी. फिर भी मुझे क्रेडिट नहीं दिया गया.'
परेश रावल का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में आइडियाज का चोरी होना या उन्हें बिना क्रेडिट के इस्तेमाल करना आम बात हो गई है, लेकिन उन्हें इस बार बहुत दुख हुआ. OMG 2 रिलीज होने के बाद काफी चर्चा में रही थी. अक्षय कुमार, यामी गौतम और पंकज त्रिपाठी जैसे कलाकारों वाली ये फिल्म सामाजिक मुद्दों पर मजबूत स्टैंड रखती है. हालांकि परेश रावल का ये खुलासा अब फिल्म के बैकस्टोरी को नया ट्विस्ट दे रहा है.