मुंबई: अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म भूत बंगला को लेकर जितनी चर्चा इसकी कहानी को लेकर हो रही है, उतनी ही चर्चा फिल्म की कास्टिंग को लेकर भी शुरू हो गई है. इस फिल्म में अक्षय कुमार 32 साल की एक्ट्रेस वामिका गब्बी के साथ नजर आने वाले हैं. दोनों के बीच करीब 26 साल का उम्र का अंतर है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं.
कुछ यूजर्स ने इस जोड़ी को लेकर असहजता जताई, तो कुछ ने इसे बॉलीवुड की पुरानी परंपरा बताया. इसी बीच अक्षय कुमार ने इन आलोचनाओं पर अपना रिएक्शन साझा किया है.
एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने इन सवालों का सीधा जवाब देते हुए कहा कि यह सब कहानी की मांग पर निर्भर करता है. उन्होंने कहा कि क्या हमने पहले ऐसा नहीं देखा है. हॉलीवुड में भी इस तरह की जोड़ी देखने को मिलती है. अक्षय ने यह भी कहा कि असल जिंदगी में भी कई लोग अपने से ज्यादा या कम उम्र के पार्टनर के साथ रिश्ते में रहते हैं, इसलिए इसे लेकर इतना बड़ा मुद्दा बनाना सही नहीं है. उनका मानना है कि अगर कहानी को इसकी जरूरत है तो उम्र का अंतर कोई बड़ी बात नहीं होती.
फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि असली उम्र और स्क्रीन पर दिखने वाली उम्र में फर्क होता है. दर्शक अक्सर किरदार को देखते हैं, न कि कलाकार की असली उम्र को. प्रियदर्शन ने पुराने समय के कलाकारों का उदाहरण देते हुए बताया कि स्क्रीन एज ही ज्यादा मायने रखती है. उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान अगर उन्हें कोई जोड़ी ठीक नहीं लगती, तो वह सिर्फ उम्र के कारण नहीं होता बल्कि केमिस्ट्री और किरदार के हिसाब से होता है.
प्रियदर्शन का कहना है कि जब दर्शक फिल्म देखते हैं तो वे किरदार में डूब जाते हैं. अगर कहानी मजबूत हो और किरदार प्रभावशाली हों, तो उम्र का अंतर दर्शकों को ज्यादा परेशान नहीं करता. उन्होंने यह भी कहा कि अक्षय कुमार और तब्बू जैसे कलाकारों के साथ काम करते समय उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि उम्र कोई समस्या है.