मुंबई: आज बॉलीवुड के दमदार एक्टर अजय देवगन अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे उन्हें बधाइयां दे रहे हैं. लेकिन अजय देवगन की सफलता की कहानी सिर्फ स्टारडम की नहीं बल्कि संघर्ष, आत्मविश्वास और मेहनत की मिसाल है. अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल 1969 को हुआ था. उनके पिता वीरू देवगन बॉलीवुड के जाने माने स्टंटमैन और एक्शन डायरेक्टर थे. घर में फिल्मी माहौल जरूर था लेकिन सुपरस्टार बनना आसान नहीं था.
अजय का बचपन फिल्मों के सेट और स्टंट की दुनिया के बीच बीता. यही वजह रही कि उन्होंने बचपन से ही एक्टर बनने का सपना देख लिया था. लेकिन उस दौर में हीरो बनने के लिए लुक्स को ज्यादा महत्व दिया जाता था. ऐसे में अजय के लिए यह सफर आसान नहीं था.
साल 1991 में अजय देवगन ने फिल्म फूल और कांटे से बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म में उनका एंट्री सीन आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है जिसमें वह दो बाइक पर खड़े नजर आए थे. यह स्टंट उस समय इतना पॉपुलर हुआ कि अजय को रातों रात एक्शन हीरो के रूप में पहचान मिल गई. पहली ही फिल्म सुपरहिट साबित हुई और अजय देवगन ने इंडस्ट्री में अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज कर ली.
90 के दशक में जहां बॉलीवुड में गोरे रंग और ग्लैमरस चेहरे को ज्यादा तवज्जो दी जाती थी, वहीं अजय देवगन ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने साबित किया कि अगर टैलेंट और मेहनत हो तो साधारण लुक्स भी सुपरस्टार बना सकते हैं. अजय ने अपने गंभीर अभिनय और दमदार एक्शन से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई.
अजय देवगन सिर्फ एक्शन हीरो बनकर नहीं रह गए. उन्होंने अपने करियर में हर तरह के किरदार निभाए. कॉमेडी फिल्मों में उनकी टाइमिंग शानदार रही तो वहीं गंभीर फिल्मों में उन्होंने अपने अभिनय से लोगों को भावुक भी किया. यही वजह है कि वह आज भी इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद अभिनेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने अब तक 140 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और कई सुपरहिट फिल्में दी हैं.