menu-icon
India Daily

बॉलीवुड के लिए कैसे रहे 2026 के शुरुआती महीने? 'बॉर्डर 2' और 'धुरंधर 2' ने मचाया धमाल, कई बड़ी फिल्में हुईं फ्लॉप

2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में बॉलीवुड की कई बड़ी, छोटी और मध्यम बजट की फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं. बॉर्डर 2 और धुरंधर 2 जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं ओ रोमियो और अस्सी जैसी फिल्में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं.

antima
Edited By: Antima Pal
बॉलीवुड के लिए कैसे रहे 2026 के शुरुआती महीने? 'बॉर्डर 2' और 'धुरंधर 2' ने मचाया धमाल, कई बड़ी फिल्में हुईं फ्लॉप
Courtesy: x

मुंबई: 2026 का पहला क्वार्टर (जनवरी से मार्च) बॉलीवुड के लिए मिला-जुला रहा. इस दौरान थिएटर्स में करीब 23-24 हिंदी फिल्में रिलीज हुईं. कुछ फिल्मों ने शानदार कमाई की तो कई बड़ी उम्मीदों वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गईं. साल की शुरुआत 1 जनवरी को अगस्त्य नंदा की फिल्म 'इक्कीस' से हुई. 

बॉलीवुड के लिए कैसे रहे 2026 के शुरुआती महीने?

60 करोड़ रुपये के बजट वाली यह फिल्म सिर्फ 31.85 करोड़ रुपये ही कमा पाई और फ्लॉप साबित हुई. इसके बाद 'राहु केतु', 'हैप्पी पटेल' जैसी छोटी फिल्में भी दर्शकों का ध्यान नहीं खींच सकीं और बॉक्स ऑफिस पर धराशायी हो गईं. लेकिन 23 जनवरी को सनी देओल की एक्शन फिल्म 'बॉर्डर 2' ने पूरी तरह बाजी पलट दी. 

फिल्म ने भारत में 329.43 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की और हिट का दर्जा हासिल कर लिया. दर्शक सनी देओल के पैट्रियॉटिक अवतार को खूब पसंद कर रहे थे. इसके बाद सबकी नजर रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 पर थी. लेकिन फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. 60 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने सिर्फ 51 करोड़ रुपये ही कमाए. पिछले दो पार्ट्स की तुलना में यह बेहतर था, लेकिन फिर भी इसे डिसअपॉइंटिंग ही माना गया.

फिर आई शाहिद कपूर की ओ रोमियो। 125-150 करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट वाली इस फिल्म ने सिर्फ 72.89 करोड़ रुपये की कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई. साथ में रिलीज हुई शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म तू या मैं भी बुरी तरह फ्लॉप रही. सिर्फ 20 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म मात्र 7.31 करोड़ रुपये ही कमा पाई.

क्वार्टर का सबसे बड़ा धमाका आखिर में हुआ. 19 मार्च को रणवीर सिंह की धुरंधर 2: द रिवेंज रिलीज हुई. रिलीज के सिर्फ 14 दिनों में फिल्म ने भारत में 899.92 करोड़ रुपये की कमाई कर ली. यह 2026 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है. फिल्म रिकॉर्ड तोड़ रही है और उम्मीद है कि यह और आगे बढ़कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो जाएगी.

कुल मिलाकर 2026 का पहला तीन महीना बॉलीवुड के लिए रोमांचक रहा. कुछ फिल्मों ने दर्शकों को थिएटर खींचा तो कई बड़ी स्टार फिल्में दर्शकों को रिझा नहीं पाईं. अब नजरें साल के बाकी महीनों पर हैं, जहां बॉलीवुड और कई बड़ी फिल्में दस्तक देने को तैयार हैं.