एक समय ऐसा था जब टीवी ऑन करते ही एक लड़की बार बार नजर आती थी. छोटे बाल, अलग अंदाज और कॉन्फिडेंट आवाज वाली वह लड़की लोगों के बीच एर्टल 4G गर्ल के नाम से मशहूर हो गई थी. उसका नाम था साशा छेत्री. साल 2015 में Airtel के 4G कैंपेन ने साशा को रातों रात स्टार बना दिया. देशभर में उनके पोस्टर और ऐड दिखाई देने लगे. लोग उन्हें पहचानने लगे और सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब चर्चा होने लगी. लेकिन जितनी तेजी से उन्हें फेम मिला, उतनी ही तेजी से ट्रोलिंग भी शुरू हो गई. आज कई लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर Airtel 4G गर्ल साशा छेत्री अब कहां हैं और क्या कर रही हैं.
उत्तराखंड के देहरादून में जन्मीं साशा छेत्री ने अपनी शुरुआती पढ़ाई वहीं से पूरी की. इसके बाद वह मुंबई आ गईं ताकि ऐड की दुनिया में अपना करियर बना सकें. उन्होंने Xavier's Institute of Communications से एडवरटाइजिंग की पढ़ाई की. पढ़ाई पूरी करने के बाद साशा ने एक ट्रेनी कॉपीराइटर के तौर पर काम शुरू किया. लेकिन कुछ समय बाद उन्हें महसूस हुआ कि कॉपीराइटिंग उनके लिए सही रास्ता नहीं है. उन्हें म्यूजिक, सिंगिंग और परफॉर्मेंस ज्यादा पसंद थी.
जब साशा अपने म्यूजिक गिग्स और ऑडिशन में व्यस्त थीं, उसी दौरान उन्हें एर्टल के विज्ञापन के लिए मौका मिला. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय Airtel अपने 4G कैंपेन के लिए एक ऐसी लड़की की तलाश में था जो कॉन्फिडेंट, मॉडर्न और अलग दिखे. साशा का लुक और कैमरे के सामने उनका आत्मविश्वास ब्रांड को काफी पसंद आया. दिलचस्प बात यह है कि साशा खुद इस ऑडिशन में जाने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं थीं. उन्होंने अपने लंबे बाल छोटे करवा लिए थे और उन्हें लगा था कि शायद उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाएगा. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. उन्हें कैंपेन के लिए चुन लिया गया और फिर उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई.
Airtel 4G के विज्ञापन आते ही साशा छेत्री पूरे देश में मशहूर हो गईं. टीवी, रेडियो, यूट्यूब और बड़े बड़े होर्डिंग्स पर उनका चेहरा नजर आने लगा. उनकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और Airtel गर्ल के नाम से ज्यादा पहचानने लगे. विज्ञापन में उनकी लाइनें और अंदाज लोगों के बीच काफी चर्चित हो गए. कई लोगों को उनका आत्मविश्वास पसंद आया तो कई लोग उनके छोटे बालों वाले लुक के फैन बन गए.
जहां शोहरत मिली वहीं साशा को काफी ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा. क्योंकि Airtel के विज्ञापन लगातार हर जगह दिखाई देते थे, कुछ लोग उन्हें देखकर परेशान होने लगे. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया. किसी ने उनके बालों पर टिप्पणी की तो किसी ने उन्हें परेशान करने वाला चेहरा तक कह दिया. हालांकि साशा ने इन सब बातों को कभी दिल पर नहीं लिया. उन्होंने हमेशा ट्रोलिंग को हल्के अंदाज में लिया और कहा कि उन्हें लोगों की प्रतिक्रियाएं मजेदार लगती थीं.
आज साशा छेत्री पहले की तुलना में काफी कम लाइमलाइट में नजर आती हैं. हालांकि वह अब भी म्यूजिक और क्रिएटिव फील्ड से जुड़ी हुई हैं. सोशल मीडिया पर वह समय समय पर अपनी तस्वीरें और अपडेट शेयर करती रहती हैं. उनके फैंस आज भी उन्हें Airtel 4G गर्ल के नाम से याद करते हैं. साशा की कहानी इस बात का उदाहरण है कि एक विज्ञापन कैसे किसी इंसान की जिंदगी पूरी तरह बदल सकता है. कुछ ही महीनों में वह पूरे देश का जाना पहचाना चेहरा बन गई थीं. भले ही आज वह पहले जितनी चर्चा में न हों, लेकिन टीवी विज्ञापनों की दुनिया में उनका नाम हमेशा याद रखा जाएगा.