मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों खूब चर्चा हो रही है अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की. जनवरी 2026 में अरिजीत ने घोषणा की थी कि वे अब हिंदी फिल्मों के लिए नए गाने नहीं गाएंगे, बल्कि इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर फोकस करेंगे. लेकिन फैंस के लिए अच्छी खबर ये है कि उन्होंने अपने पुराने कमिटमेंट को निभाया और आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म 'एक दिन' का टाइटल ट्रैक गाया है.
फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में इस टाइटल ट्रैक को रिलीज किया है. गाने में मुख्य कलाकार साई पल्लवी और जुनैद खान नहीं दिखते, बल्कि ये वीडियो आमिर खान और अरिजीत सिंह की मुलाकात का खूबसूरत बैकस्टेज कैप्चर करता है. आमिर खान फरवरी की शुरुआत में अरिजीत के घर जियागंज, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) गए थे. वहां वे चार दिन रुके, अरिजीत के परिवार के साथ समय बिताया, शतरंज खेली, पतंग उड़ाई, फर्श पर बैठकर खाना खाया और लोकल लोगों से मिले.
वीडियो में एक इमोशनल पल है जहां आमिर अरिजीत से कहते हैं – "तुम कोई नया प्रोजेक्ट नहीं ले रहे हो? कुछ समय ब्रेक लेना चाहते हो या हिंदी फिल्मों के लिए गाना बंद कर दोगे? ऐसे मत कर यार... हम लोगों का क्या होगा भाई?" ये लाइन सुनकर फैंस इमोशनल हो गए. अरिजीत ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया और गाना रिकॉर्ड किया. ये मुलाकात रिटायरमेंट के बाद हुई, लेकिन अरिजीत ने पहले से कमिटेड होने की वजह से 'एक दिन' के लिए गाया.
आमिर ने भी पहले पोस्टर शेयर कर अरिजीत का शुक्रिया अदा किया था. 'एक दिन' का टाइटल ट्रैक राम संपथ ने कंपोज किया है, लिरिक्स इरशाद कामिल के हैं और अरिजीत की आवाज में ये रोमांटिक बैलेड पहले ही चार्ट्स पर छा गया है. नेटिजंस अरिजीत की आवाज और आमिर के साथ उनके जेस्चर की तारीफ कर रहे हैं. कई लोग कह रहे हैं कि अरिजीत की ये आवाज बॉलीवुड के लिए कितनी जरूरी है.
फिल्म 'एक दिन' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी लीड रोल में हैं. ये साई पल्लवी का बॉलीवुड डेब्यू है, जबकि जुनैद की ये दूसरी बड़ी फिल्म है. निर्देशक सुनील पांडेय हैं और प्रोड्यूसर आमिर खान, मंसूर खान व अपर्णा पुरोहित हैं. फिल्म 1 मई 2026 को थिएटर्स में रिलीज होगी. कुछ दिन पहले इसका टीजर आया था, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला. अरिजीत की आवाज में ये ट्रैक सुनकर फैंस खुश हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि शायद रिटायरमेंट के फैसले पर वो फिर सोचें. आमिर-अरिजीत की ये जोड़ी पुरानी यादें ताजा कर रही है. 'एक दिन' का ये गाना फिल्म की इमोशनल डेप्थ को और बढ़ा देगा.