देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार को NEET UG 2026 का रिज़ल्ट घोषित कर दिया. इस परीक्षा में करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 11.21 लाख ने सफलता हासिल की है. परिणाम जारी होने के साथ ही अब MBBS, BDS, AYUSH और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया तय समय के अनुसार आगे बढ़ेगी.
NEET UG 2026 का आयोजन 21 जून को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में किया गया था. परीक्षा 5,440 केंद्रों पर आयोजित हुई. इस बार देशभर से करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. सफल उम्मीदवार अब स्नातक स्तर के मेडिकल और संबद्ध स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे.
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. वेबसाइट पर रिज़ल्ट लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर दर्ज करना होगा. लॉगिन के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है.
NTA के अनुसार इस बार सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं. परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी और इसमें देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवार शामिल हुए. सफल होने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही.
इस वर्ष 138 अभ्यर्थियों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए. इनमें 93 प्रतिशत से ज्यादा पहली बार परीक्षा देने वाले उम्मीदवार हैं. वहीं लगभग 99 प्रतिशत टॉप स्कोरर 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के हैं. शीर्ष 17 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवार आठ अलग-अलग राज्यों से हैं.
NTA के अनुसार सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार सफल हुए हैं. उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने क्वालिफाई किया, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल रहे. समय पर रिज़ल्ट जारी होने से मेडिकल कॉलेजों की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया बिना देरी के शुरू हो सकेगी.