भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बैंगलोर के 'सेंटर फॉर डिजिटल पब्लिक गुड्स' (CDPG) ने 'परफियोस- अनुमति अकाउंट एग्रीगेटर' के सहयोग से 'नेशनल स्टूडेंट केस कॉम्पिटिशन 2026' के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं. इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों को देश के तेजी से उभरते डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) की वास्तविक और व्यावहारिक समस्याओं का इनोवेटिव समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है.
इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों के पास कुल 5 लाख रुपये का प्राइज पूल जीतने का अवसर होगा. विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ-साथ मेरिट और पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट दिए जाएंगे. इसके अलावा, शॉर्टलिस्ट की गई टीमों को IIM बैंगलोर कैंपस में नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और शिक्षाविदों के सामने अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करने का ऐतिहासिक मंच मिलेगा.
देश के किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी से स्नातक (Bachelor) या स्नातकोत्तर (Master) की पढ़ाई कर रहे छात्र इस प्रतियोगिता के लिए पात्र हैं. इसमें फुल-टाइम और पार्ट-टाइम दोनों तरह के छात्र भाग ले सकते हैं. आयोजक इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, पब्लिक पॉलिसी, लॉ, इकोनॉमिक्स और सोशल साइंस जैसे अलग-अलग विषयों के छात्रों को मिलाकर इंटरडिसिप्लिनरी टीम बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं.
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली प्रत्येक टीम में अनिवार्य रूप से 5 छात्र होने चाहिए. नियम के अनुसार, एक छात्र केवल एक ही टीम का हिस्सा बन सकता है. हालांकि, किसी एक कॉलेज या संस्थान से कितनी भी टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले सकती हैं, इस पर कोई सीमा तय नहीं की गई है.
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 14 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं और आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 (शाम 6 बजे तक) तय की गई है. शॉर्टलिस्ट की गई टीमों की घोषणा 15 सितंबर 2026 तक की जाएगी, जबकि नेशनल फाइनल 30 सितंबर 2026 को IIM बैंगलोर के कैंपस में आयोजित किया जाएगा. इच्छुक छात्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.