menu-icon
India Daily

जमकर भागे जी एंटरटेनमेंट के शेयर, FIFA वर्ल्ड कप को लेकर होने जा रही ये बड़ी डील

बुधवार को जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में करीब 11% का उछाल आया. यह तेजी कंपनी द्वारा भारत में 2026 फीफा वर्ल्ड कप के ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए FIFA से बातचीत की पुष्टि के बाद देखी गई है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
जमकर भागे जी एंटरटेनमेंट के शेयर, FIFA वर्ल्ड कप को लेकर होने जा रही ये बड़ी डील
Courtesy: ai generated

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के शेयरों में बुधवार को करीब 11 फीसदी का जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. यह तेजी तब आई जब कंपनी ने खुद इस बात की पुष्टि की कि वह भारत में 2026 फीफा वर्ल्ड कप के ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकारों के लिए फीफा के साथ बातचीत कर रही है. इस खबर से निवेशकों में भारी उत्साह फैल गया जिससे ट्रेडिंग के दौरान कंपनी के शेयर रॉकेट की तरह भागने लगे.

शेयर में आया 10 प्रतिशत से ऊपर का उछाल 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक दोपहर के समय जी एंटरटेनमेंट के शेयर पिछले सत्र के मुकाबले 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ 91.84 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. कंपनी ने यह जानकारी अपने नए स्पोर्ट्स चैनलों के ग्रुप 'यूनाइट8 स्पोर्ट्स' को लॉन्च करने के दौरान दी. इस नए वेंचर के जरिए जी स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है.

11 जून से शुरू होने जा रहा है फीफा वर्ल्ड कप

2026 फीफा वर्ल्ड कप 11 जून से शुरू होने जा रहा है जिसे लेकर दुनिया भर के खेल प्रेमियों में भारी क्रेज है. रिपोर्ट्स की मानें तो फीफा ने शुरुआत में 2026 और 2030 दोनों वर्ल्ड कप के भारतीय मीडिया अधिकारों के लिए लगभग 100 मिलियन डॉलर की मांग की थी. हालांकि बाद में बातचीत आगे बढ़ी और यह डील करीब 60 मिलियन डॉलर के आस-पास सिमटती नजर आ रही है.

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि सोनी ग्रुप ने भी इन अधिकारों को खरीदने के लिए बातचीत की थी लेकिन आखिरकार उन्होंने फाइनल बोली नहीं लगाने का फैसला किया है. सोनी के पीछे हटने के बाद इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं कि भारत में इन अधिकारों को हासिल करने की रेस में जी एंटरटेनमेंट सबसे आगे निकल सकता है.

180 देशों में फानल हो चुके हैं पार्टनर्स

फीफा दुनिया भर के 180 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में अपने मीडिया पार्टनर्स फाइनल कर चुका है. भारतीय टीम भले ही इस टूर्नामेंट के लिए नियमित रूप से क्वालिफाई नहीं कर पाती लेकिन फिर भी भारत फीफा के लिए दुनिया के सबसे बड़े दर्शक बाजारों में से एक बना हुआ है. साल 2022 के कतर वर्ल्ड कप के आंकड़ों को देखें तो ग्लोबल टीवी ऑडियंस में भारत का योगदान अकेले 2.9 फीसदी था. फैंस की दीवानगी के मामले में भारत शीर्ष देशों में शामिल था और कुछ कैटेगरी में तो केवल चीन से पीछे था.

रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि भारत में करीब 74.5 करोड़ फुटबॉल प्रेमियों ने टीवी, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया के जरिए 2022 वर्ल्ड कप को फॉलो किया था. सिर्फ टीवी पर देखने वालों की संख्या ही लगभग 8.4 करोड़ थी जिसने भारत को टॉप 10 वैश्विक टीवी दर्शकों की सूची में ला खड़ा किया. भारत इस मामले में जर्मनी, फ्रांस और इंग्लैंड जैसे बड़े फुटबॉल खेलने वाले देशों से भी आगे रहा. ऐसे में फीफा के साथ होने वाली यह संभावित डील जी एंटरटेनमेंट के लिए अपने स्पोर्ट्स बिजनेस को चमकाने और भारत में एक बड़ा दर्शक वर्ग जुटाने का एक बहुत बड़ा मौका साबित हो सकती है.