menu-icon
India Daily

Stock Market Crash: शेयर बाजार में मचा कोहराम! अक्टूबर के पहले ही दिन डूब गए निवेशकों के 8 लाख करोड़

अक्टूबर महीने के पहले ही कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली, जिसमें निवेशकों के करीब 8 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Stock Market Crash: शेयर बाजार में मचा कोहराम! अक्टूबर के पहले ही दिन डूब गए निवेशकों के 8 लाख करोड़
Courtesy: ChatGPT

Stock Market Crash: सितंबर महीना शेयर बाजार के निवेशकों के लिए पहले ही काफी कठिन साबित हुआ था, जहां भारी बिकवाली के चलते लाखों करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका था. ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि अक्टूबर का महीना बाजार के लिए राहत लेकर आएगा, क्योंकि ऐतिहासिक आंकड़ों के मुताबिक यह महीना आमतौर पर निवेशकों के लिए मुनाफे वाला रहा है.

लेकिन महीने के पहले ही दिन उम्मीदों पर पानी फिर गया. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में डेढ़ फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों के करीब 8 लाख करोड़ रुपये एक झटके में डूब गए. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने बाजार में डर का माहौल बना दिया.

सेंसेक्स-निफ्टी में आई जबरदस्त गिरावट

कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1,000 अंक टूटकर 71,450 के स्तर से नीचे फिसल गया, जबकि निफ्टी 50 में भी करीब 350 अंकों की गिरावट आई और यह 22,300 के नीचे चला गया. इस भारी बिकवाली का सीधा असर मार्केट कैप पर पड़ा, जिससे बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 8 लाख करोड़ रुपये घटकर 464 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गया.

किन शेयरों ने डुबोया निवेशकों का पैसा

गिरावट के इस दौर में एम एंड एम, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, एचयूएल और बीईएल के शेयरों में 3 से 4 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं ट्रेंट, एलएंडटी, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, एटरनल और टाइटन के शेयर भी 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़के. हालांकि एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में करीब 1 फीसदी की मामूली बढ़त देखने को मिली.

ब्रॉडर मार्केट और वोलैटिलिटी इंडेक्स भी हुआ प्रभावित

बड़े शेयरों के साथ-साथ ब्रॉडर मार्केट में भी भारी बिकवाली का असर दिखा. निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. दोपहर बाद जैसे-जैसे बिकवाली तेज हुई, बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडिया वीआईएक्स भी 12 फीसदी से ज्यादा उछलकर 15.15 के स्तर पर पहुंच गया, जो निवेशकों की घबराहट को दर्शाता है.

हर सेक्टर में दिखा बिकवाली का दबाव

बाजार में गिरावट सिर्फ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि लगभग सभी सेक्टरों पर इसका असर पड़ा. निफ्टी ऑटो में 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई और यह सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाला सेक्टर साबित हुआ. इसके अलावा निफ्टी मेटल, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सहित कई सेक्टरों में भी 2 से 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. एनएसई पर कुल 594 शेयरों में बढ़त रही, जबकि 2,789 शेयरों में गिरावट और 99 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए.