menu-icon
India Daily

Fuel Prices: पेट्रोल पर बढ़े 5 रुपए, डीजल 3 रुपए हुआ महंगा; जानें नए रेट

नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण यह फैसला लिया गया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Fuel Prices: पेट्रोल पर बढ़े 5 रुपए, डीजल 3 रुपए हुआ महंगा; जानें नए रेट
Courtesy: pinterest

निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरों के तहत पेट्रोल के दाम ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं. यह नया रेट शनिवार सुबह से ही प्रभावी हो गया है. इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में पेट्रोल ₹119.54 प्रति लीटर और डीजल ₹102.64 प्रति लीटर की दर से मिल रहा है.

कीमतें बढ़ाने की मुख्य वजह

ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. लागत और रिटेल कीमतों के बीच बढ़ रहे अंतर को पाटने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है. इससे पहले मार्च महीने में भी कंपनी ने इसी तरह का इजाफा किया था, लेकिन जब क्रूड ऑयल सस्ता हुआ, तो जुलाई में दरें घटा दी गई थीं.

सरकारी तेल कंपनियों का क्या है रुख?

राहत की बात यह है कि सरकारी तेल कंपनियों जैसे इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. जियो (Jio) के पेट्रोल पंपों पर भी पुरानी दरें ही लागू हैं.

सरकारी कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान

रेटिंग एजेंसी 'इकरा' (ICRA) की रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय दरें बढ़ने के बावजूद खुदरा कीमतें न बढ़ाने से सरकारी कंपनियों को रोजाना करीब ₹530 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ रहा है. अनुमान है कि सरकारी कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग ₹8 और डीजल पर ₹9 प्रति लीटर का घाटा हो रहा है. अब देखना यह होगा कि क्या नायरा एनर्जी के बाद सरकारी कंपनियां भी आने वाले दिनों में ईंधन की दरें बढ़ाती हैं या आम जनता को राहत जारी रहती है.